दरोगा के दामन पर दाग: बाइक चोर और खरीदारों को रिश्वत लेकर छोड़ा, आगरा में मलपुरा का मामला; IGRS पर लगाई फर्जी रिपोर्ट
आगरा के मलपुरा थाने के एक दारोगा पर बाइक चोरी के आरोपी और खरीदारों को रिश्वत लेकर छोड़ने का आरोप लगा है। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर सहित अन्य अधिकारियों ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। एत्माद्दौला क्षेत्र से चोरी हुई बाइक मलपुरा पुलिस ने बरामद की है। बाइक स्वामी ने मलपुरा थाने में तैनात दारोगा पर चोरी के आरोपित और दो खरीदारों को रिश्वत लेकर छोड़ने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर, डीसीपी सहित आइजीआरएस पर मामले की शिकायत की।
आइजीआरएस पर दारोगा की ओर से लगाई गई रिपोर्ट में आरोपितों को युवक का रिश्तेदार बता दिया। मामला चर्चा में आने पर डीसीपी पश्चिम ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
एत्माद्दौला के सुदामापुरी में रहने वाले मेडिकल स्टोर संचालक पवन गोला ने पुलिस अधिकारियों से की शिकायत में कहा है कि 26 अगस्त 2021 को उनकी बाइक चोरी हो गई थी। थाना एत्माद्दौला में बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। 20 जून 2026 को थाना मलपुरा पुलिस ने सूचना दी कि बाइक बरामद हो गई है।
आरोप है कि बाइक बरामद होने के बावजूद मामले में पकड़े गए तीन आरोपितों को दारोगा ने रिश्वत लेकर छोड़ दिया है। पीड़ित का कहना है कि चोरी की बाइक खरीदने वाले ने ने स्वयं फोन करके बताया कि दारोगा को 15-15 हजार रुपये देकर मामला रफादफा कर लिया है। पीड़ित का कहना है कि बातचीत की आडियो रिकार्डिंग उनके पास है, जिसे पुलिस अधिकारियों को सौंपा है।
कहा कि 10 जुलाई को संबंधित दारोगा रामबाग स्थित उसके मेडिकल स्टोर पर पहुंच गया। शिकायत वापस लेने और तथा फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी। दारोगा ने साथ में फोटो खिंचवाकर आरोपित को चाचा बताते हुए आइजीआरएस पर रिपोर्ट लगा दी। डीसीपी पश्चिम आदित्य ने बताया पीड़ित बाइक को रिलीज कराने के लिए आए थे।
खबरें और भी
उन्हें बताया गया है कि बाइक न्यायालय से निर्धारित प्रक्रिया के बाद रिलीज होगी। दारोगा पर लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चोरी की बाइक से बनाई जुगाड़ गाड़ी
पीड़ित का कहना है कि बाइक पातीराम नाम के व्यक्ति ने चोरी की थी। फाइनेंस बकाया होने पर 2024 में बीमा कंपनी के एजेंट ने बाइक पकड़ ली थी। बाइक को चोर के जीजा हरिमोहन ने 10 हजार रुपये लेकर छुड़ा लिया था।
हरिमोहन ने बाइक मलपुरा निवासी मनीष को बेच दी। मनीष ने बाइक से जुगाड़ गाड़ी बनवा ली। इसी जुगाड़ गाड़ी को पुलिस ने पकड़ा था। पीड़ित का कहना है कि जब दारोगा ने उन्हें थाने में बुलाया था, तीनों आरोपित मौजूद थे।
मनीष ने स्वीकार की रुपये देने की बात
पीड़ित पवन गोला ने एक आडियो पुलिस अधिकारियों को सौंपी है। इसमें चोरी की बाइक खरीदने वाले मनीष नाम के व्यक्ति से बातचीत की बात कही गई है। मनीष कह रहा है कि उसने बाइक 25 हजार रुपये में खरीदी थी। वह आगे कहता है कि उससे तो रुपये लगते थे। पवन से कहा था कि रुपये लेकर बाइक छुड़ा लो। मनीष ने छोड़ने के बदले में 15 हजार रुपये दारोगा द्वारा लिए जाने की बात स्वीकार की है।