पोस्टमार्टम हाउस पर इंसानियत शर्मसार, आगरा में एक घंटे तक फर्श पर धूप में रखा रहा शव; एसएन में मांगा सेवा शुल्क
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम गृह में कर्मचारियों की लापरवाही और सेवा शुल्क की मांग ने मानवता को शर्मसार किया। एक शव को एक घंटे तक धूप में ...और पढ़ें

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर फर्श पर रखी डेड बॉडी।
HighLights
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में शव की बेकदरी।
कर्मचारियों पर सेवा शुल्क मांगने का गंभीर आरोप।
जागरण संवाददाता, आगरा। एसएन मेडिकल कालेज परिसर स्थित पोस्टमार्टम गृह पर कर्मचारियों के गैर जिम्मेदाराना रवैये ने मानवता को शर्मसार कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद स्वजन शव को घर ले जाने के लिए एंबुलेंस की तलाश में एसएन मेडिकल कालेज की इमरजेंसी तक चले गए। इस बीच कर्मचारियों ने शव को धूप में जमीन पर रख दिया। युवक का शव एक घंटे तक धूप में जमीन पर पड़ा रहा।
स्वजन वापस लौटे तो शव की बेकदरी देखकर उनकी आंखें छलछला गईं। कर्मचारियों की कार्यशैली पर आक्रोश जताते हुए मामले की शिकायत अधिकारियों से करने की बात कही। लोहामंडी निवासी 32 वर्षीय रवि की संदिग्ध परिस्थिति में मृत्यु हो गई थी। स्वजन की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
शुक्रवार दोपहर एक बजे शव का पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम गृह पर मौजूद कर्मचारियों ने गाड़ी का इंतजाम करने की बात कही। मृतक के रिश्तेदार राजकुमार ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम हाउस पर तैनात कर्मचारियों ने सेवा शुल्क की मांग की। परिवार की आर्थिक हालत खराब होने के कारण स्वजन उन्हें सेवा शुल्क नहीं दे पाए। इससे कर्मचारियों का व्यवहार बदल गया।
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद प्राइवेट एंबुलेंस चालक मुंह मांगे रुपये मांग रहे थे। स्वजन ने क्षेत्र बजाजा कमेटी से एंबुलेंस के लिए संपर्क किया। इसके साथ ही वह एसएन इमरजेंसी के पास एंबुलेंस की तलाश में चले गए।पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कर्मचारियों ने शव को निकासी वाले गेट के बाहर धूप में जमीन पर रख दिया और गेट को अंदर से बंद कर लिया।
खबरें और भी
राजकुमार का आरोप है कि उन्होंने शव को रखने के लिए स्ट्रेचर मांगा, लेकिन कर्मचारियों ने उपलब्ध नहीं कराया। एक घंटे तक शव धूप में जमीन पर पड़ा रहा। इसके बाद स्वजन ने पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद प्राइवेट एंबुलेंस को बुक किया और शव को सीधे श्मशान घाट ले गए। सीएमओ डा. अरुण श्रीवास्तव ने बताया मामले की जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दूसरे युवक के स्वजन से भी मांगा सेवा शुल्क
बल्केश्वर निवासी युवक की पानी में डूबने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने युवक के शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया। युवक के स्वजन ने कर्मचारियों पर सेवा शुल्क मांगे जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद विवाद से बचने के लिए कर्मचारियों ने आनन-फानन में शव स्वजन को सौंप दिया।