आगरा की सिकंदरा फल मंडी में एक करोड़ की चोरी, पुलिस जांच में करीबियों पर शक; खंगाले जा रहे कैमरे
आगरा की सिकंदरा फल मंडी में आढ़ती हाजी नसीम की दुकान से एक करोड़ रुपये की चोरी हुई है। पुलिस की जांच करीबियों पर केंद्रित है क्योंकि दुकान के सीसीटीवी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। सिकंदरा फल मंडी में फलों के आढ़ती हाजी नसीम की दुकान से एक करोड़ रुपये की चोरी की घटना में पुलिस की जांच करीबियों पर केंद्रित है। दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए हैं, जिससे पुलिस अन्य सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
मथुरा के गोविंद नगर निवासी हाजी नसीम ने 31 जुलाई को दुकान बंद कर घर लौटे और एक अगस्त को हैदराबाद चले गए। उनकी दुकान दो हिस्सों में विभाजित है, जिसमें एक हिस्से में काउंटर है और दूसरे हिस्से को कार्यालय के रूप में उपयोग किया जाता है। हाजी नसीम ने हैदराबाद जाने से पहले एक करोड़ रुपये दुकान में छोड़ दिए थे।
जब वे बुधवार दोपहर लौटे, तो दुकान के पिछले हिस्से का जंगला टूटा हुआ मिला और वहां रखे रुपये गायब थे। एसीपी हरीपर्वत अमीषा ने बताया कि आढ़त में लगा सीसीटीवी कैमरा बंद था। चोरी के जिस हिस्से का जंगला उखाड़ा गया है, उसके पीछे खेत हैं, जिससे आशंका है कि चोर इसी रास्ते से आए होंगे। इतनी बड़ी रकम दुकान में छोड़कर जाना कई सवाल खड़े करता है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का शक आढ़ती के करीबियों पर है, जिन्हें आढ़ती के बाहर जाने और रकम के बारे में जानकारी थी। एसीपी ने कहा कि चोरी का पर्दाफाश जल्द ही किया जाएगा।