Agra Weather Update: लगी सुबह से बारिश की झड़ी, लुढ़क गया पारा; IMD का यलो अलर्ट है जारी
आगरा में बुधवार के बाद गुरुवार सुबह से ही बारिश की झड़ी लग गई, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिली और पारा लुढ़क गया। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भारी वर ...और पढ़ें

आगरा में गुरुवार सुबह से लगातार हो रही बारिश के बीच से गुजरती युवतियां।
जागरण संवाददाता, आगरा। गर्मी और उमस से राहत मिल चुकी है। बुधवार के बाद गुरुवार सुबह से ही बारिश की झड़ी लग गई। कहीं तेज तो कहीं रिमझिम। पूरे शहर को एक साथ बारिश ने भिगो दिया है। सुबह स्कूली बच्चे भीगते हुए पहुंचे। वहीं दफ्तरों को जाने के लिए कार या रेनकोट का सहारा लिया। मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को भारी वर्षा का यलाे अलर्ट जारी किया है।
पूरे दिन बादल छाए रहने के साथ गरज के साथ बौछार पड़ सकती हैं या फिर बारिश जारी रह सकती है। सात से 11 अगस्त तक आंशिक बादल छाए रहने और गरज के साथ बौछार पड़ने का आसार है। गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य से 1.4 डिग्री लुढ़ककर 25.4 डिग्री सेल्सियस आंका गया। बीते 24 घंटे में 25.8 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।
इससे पहले शहर में बुधवार को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। यमुना किनारा रोड सूख रहा, लेकिन शहर के अन्य क्षेत्राें में झमाझम वर्षा हुई। दोपहर से शुरू हुई वर्षा का दौर रुक-रुककर रात तक जारी रहा।
लोहामंडी, शाहगंज, संजय प्लेस, हरीपर्वत, आवास विकास कालोनी, जयपुर हाउस, देवरी रोड आदि क्षेत्रों में अच्छी वर्षा हुई, लेकिन यमुना किनारा रोड पर एक बूंद पानी नहीं पड़ा। यूपीएसआइडीसी क्षेत्र में बूंदाबांदी हुई।
इसके बाद वर्षा थम गई, लेकिन दो बजे के करीब फिर रिमझिम वर्षा शुरू हो गई। रात तक बूंदाबांदी का यह दौर जारी रहा। मौसम विज्ञानी माे. दानिश ने बताया कि मानसूनी परिस्थितियों से आगामी दो दिनों में भारी वर्षा की संभावना है। आगामी सप्ताह में तापमान सामान्य बना रहेगा।