तंत्र-मंत्र के जाल में फंसी महिला से लाखों की ठगी, बीमारी ठीक करने के नाम पर तांत्रिक ने किया शारीरिक शोषण
शमसाबाद में एक महिला को तंत्र-मंत्र के नाम पर लाखों रुपये की ठगी और शारीरिक शोषण का शिकार बनाया गया। पुलिस ने तांत्रिक विनोद कुमार समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

HighLights
महिला से तंत्र-मंत्र के नाम पर लाखों की ठगी।
तांत्रिक ने शारीरिक शोषण कर आभूषण भी हड़प लिए।
पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, आगरा। तंत्र मंत्र, झाड़-फूंक के नाम पर क्षेत्र निवासी एक महिला से लाखों रुपये की ठगी, आभूषण लेने और शारीरिक शोषण का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों की पुलिस तलाश कर रही है। महिला बीमार होने पर ठीक होने के लिए तांत्रिक के पास गई थी। तांत्रिक ने उसके भरोसे का लाभ उठाया।
यह है पूरा मामला
पीड़िता निवासी शमसाबाद क्षेत्र द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार, वह पिछले नौ माह से बीमार चल रही थी। इसी दौरान परिचित के कहने पर वह तंत्र-मंत्र से इलाज का दावा करने वाले तांत्रिक विनोद कुमार निवासी मलहेला, थाना डौकी, फतेहाबाद के पास पहुंची।
महिला का आरोप है कि तांत्रिक विनोद ने अपने तंत्र जाल से महिला को मानसिक रूप अपने प्रभाव में ले और झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। इसके साथ ही आरोपित महिला को ब्लैकमेल भी करने लगा।
ब्लैकमेलिंग के जरिए तांत्रिक और उसके साथियों ने महिला से 6.50 लाख रुपये नकद, फोन-पे के जरिए कुछ रकम तथा आभूषण हड़प लिए। महिला के अनुसार, नकदी उनके पति ने मैक्स वाहन खरीदने के लिए रखी थी।
ऐंठे गए कुछ आभूषण आरोपित ने शमसाबाद के एक दुकानदार प्रवेश जैन के पास गिरवी रखवा दिए और कुछ अपने पास रख लिए। इस पूरी साजिश में तांत्रिक की पत्नी, बंटू, बहादुर, मलखान और अन्य अज्ञात लोग शामिल हैं।
महिला द्वारा अपने पति को आपबीती बताने के बाद जब पति ने आरोपित से पैसे व आभूषण वापस मांगे, तो उसने जान से मारने और पुलिस में जाने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
इंस्पेक्टर सुरेन्द्र राव ने बताया पीड़िता की तहरीर के आधार पर तांत्रिक सहित पांच के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- अंधविश्वास का खौफनाक अंत: तंत्र-मंत्र का झांसा देकर नर्स से सामूहिक दुष्कर्म, शाकिर ने नाम बदलकर बनाया जाल
यह भी पढ़ें- अमरोहा: तंत्र-मंत्र के नाम पर 2 करोड़ की ठगी, एक महीने बाद भी पुलिस के हाथ से दूर मुख्य आरोपी
