Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आगरा: यमुना पर बनेगा रिवर फ्रंट पार्क, ताजमहल के पास निखरेगा प्राकृतिक सौंदर्य, 3.46 करोड़ से होगा डेवलप

    By Amit Dixit Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Fri, 07 Aug 2026 12:07 PM (GMT+05:30)

    आगरा में यमुना किनारे 3.46 करोड़ रुपये की लागत से रिवर फ्रंट पार्क विकसित किया जा रहा है। यह पार्क पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और शहरी बुनियादी ढांचे को ...और पढ़ें

    कुछ इस तरह का नजारा होगा यमुना रिवर फ्रंट का।

    कुछ इस तरह का नजारा होगा यमुना रिवर फ्रंट का।

    जागरण संवाददाता, आगरा। पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और शहरी बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर नगर निगम प्रशासन हर कदम उठा रहा है। यमुना नदी के किनारों को खूबसूरत, प्रदूषण मुक्त और उपयोगी बनाने की बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। 3.46 करोड़ रुपये से रिवर फ्रंट पार्क विकसित किया जाएगा। 1500 मीटर लंबा पाथवे बनेगा। ओपन जिम और एम्फीथिएटर का भी निर्माण किया जाएगा।

    इसका विकास झलकारी बाई चौराहे से लेकर वेदांत मंदिर के पास यमुना किनारे होगा। शहरवासियों और पर्यटकों को एक बेहतरीन और अत्याधुनिक ग्रीन जोन विकसित हो सकेगा।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जुलाई को करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। अमृत योजना-दो में रिवर फ्रंट पार्क को तैयार होगा। इस बड़ी राशि का उपयोग अविकसित और कचरायुक्त क्षेत्र को एक व्यवस्थित, हरे-भरे और आधुनिक सुविधाओं वाले पार्क में तब्दील करने के लिए किया जाएगा

    यमुना किनारा रोड पर 1500 मीटर लंबा और 1.5 मीटर चौड़ा सुंदर पाथवे, 200 वर्ग मीटर में ओपन जिम, फाउंटेन, आकर्षक लाइटिंग और बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा छोटे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 300 वर्ग मीटर में 100- 150 लोगों की क्षमता वाला एक 'ओपन-एयर एम्फीथिएटर' भी बनेगा, जिसे लाल बलुआ पत्थर की सीटों के साथ डिजाइन किया गया है।

    कार पार्किंग भी बनेगी

    पर्यटकों की सुविधा के लिए 200 वाहनों की कार पार्किंग और 1500 मीटर क्षेत्र में मजबूत फेंसिंग भी की जाएगी। कार्यवाहक मुख्य अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि साइट पर मौजूद कचरे को हटाकर औपचारिक लैंडफिल में भेजा जाएगा। प्रदूषित क्षेत्र को 'फाइटोरेमेडिएशन' प्रजातियों से आच्छादित किया जाएगा।

    खबरें और भी

    दृश्य को बेहतर बनाने के लिए ताजमहल की ओर 'विज़ुअल कारिडोर' खुले छोड़े गए हैं। पर्यावरण को शुद्ध करने के लिए कैसिया बाइफ्लोरा, बोगनवेलिया, नेरियम ओलियंडर, पाम और बेबी गोल्डन जैसी प्रजातियों का सघन पौधरोपण किया जाएगा

    पास की कृषि भूमि पर सजावटी पौधे उगाए जाएंगे जो इस परियोजना के रखरखाव में आर्थिक सहायता करेंगे। उन्होंने बताया कि यह पार्क शहरवासियों को मार्निंग वाक, योग और बच्चों के खेलने के लिए एक सुरक्षित, स्वच्छ और प्राकृतिक स्थान उपलब्ध कराएगा।