ताजमहल के साथ अब 'शिव लोक' भी देखेंगे पर्यटक, आगरा को सीएम योगी की बड़ी सौगात; प्रवेश द्वार पर बनेगा भव्य नंदी द्वार
आगरा में 8.81 करोड़ की लागत से उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर भव्य 'शिव लोक थीम पार्क' विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिलान ...और पढ़ें
-1785610111652_m.webp)
डिजिटल डेस्क, आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार बुनियादी ढांचे के साथ-साथ धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन का तेजी से कायाकल्प कर रही है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध 'महाकाल लोक' की तर्ज पर आगरा के ऐतिहासिक बल्केश्वर पार्क को भव्य 'शिव लोक थीम पार्क' के रूप में विकसित करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। 8.81 करोड़ की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास सीएम योगी द्वारा किया गया था। शिलान्यास के बाद से कार्ययोजना में खासी तेजी आई है और आगरा नगर निगम ने 15वें वित्त आयोग के बजट से पार्क का पूरा लेआउट व विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है।
शिव पुराण की लीलाएं और 19 अवतारों का सजीव चित्रण
यमुना नदी के सुरम्य तट पर स्थित प्राचीन बल्केश्वर महादेव मंदिर के समीप बनने वाला यह 'शिव लोक' आस्था और अत्याधुनिक तकनीक का एक अनूठा संगम होगा। कुल 16,000 वर्ग मीटर के विशाल परिसर में बनने वाले इस पार्क के मुख्य केंद्र में भगवान शिव की एक भव्य और विशाल प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पार्क में आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक भगवान शिव के 19 अवतारों और शिव पुराण पर आधारित उनकी अलौकिक लीलाओं का सजीव अनुभव कर सकेंगे।
'नंदी द्वार' और साउंड एंड लाइट शो बढ़ाएंगे दिव्यता
इस दिव्य पार्क के प्रवेश द्वार को बेहद भव्य 'नंदी द्वार' के रूप में तैयार किया जाएगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध करने के लिए यहाँ शिव स्तुति पर आधारित आकर्षक साउंड एंड लाइट शो और रंग-बिरंगे फव्वारों की व्यवस्था होगी। पार्क का डिज़ाइन इस तरह तैयार किया गया है कि बल्केश्वर मंदिर में दर्शन और परिक्रमा करने आने वाले श्रद्धालुओं को विश्राम के लिए एक अत्यंत पवित्र, सुंदर और शांत वातावरण मिल सके।
ब्रज क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
अब तक केवल विश्व प्रसिद्ध ताजमहल के लिए पहचाने जाने वाले ताजनगरी आगरा में 'शिव लोक थीम पार्क' का निर्माण ब्रज क्षेत्र के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विकास का नया मील का पत्थर साबित होगा। यहाँ आने वाले देश-विदेश के पर्यटक अब ताजमहल के दीदार के साथ-साथ इस अलौकिक शिव लोक की दिव्यता का अनुभव भी कर सकेंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी संबल मिलेगा।
खबरें और भी
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का क्या कहना है?
आगरा नगर निगम के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, "शिव लोक थीम पार्क को 15वें वित्त आयोग के फंड से 8.81 करोड़ के बजट से विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पुराने बल्केश्वर पार्क का पूरी तरह कायाकल्प कर इसे एक अत्याधुनिक, सुंदर और शांतिपूर्ण आध्यात्मिक केंद्र बनाना है।"
वहीं, स्थानीय पार्षद मुरारी लाल अग्रवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा से बल्केश्वर क्षेत्र को यह बड़ी सौगात मिली है। इससे बल्केश्वर मंदिर आने वाले परिक्रमार्थियों को विश्राम का स्थान मिलेगा और पूरे ब्रज क्षेत्र के पर्यटन को नई ऊर्जा मिलेगी। यह थीम पार्क हमारी धार्मिक आस्था को एक नई और भव्य पहचान देगा।"