सड़क के गड्ढे में दो घंटे फंसी रही एंबुलेंस, आगरा में अस्पताल पहुंचने से पहले नवजात की मौत
आगरा के जैतपुर में लोक निर्माण विभाग की सड़क पर गड्ढे के कारण एंबुलेंस दो घंटे फंसी रही, जिससे अस्पताल ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, जैतपुर (आगरा)। लोक निर्माण विभाग की सड़क के गड्ढे ने नवजात की जान ले ली। बाह के मुकुंदपुर-गढ़वार गांव के बीच में हुए गहरे गड्ढे में दो घंटे तक एंबुलेंस फंसी रही। वहां से निकलने के बाद एंबुलेंस से स्वजन प्रसूता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।इसके बाद पैदा हुए नवजात की सांसें थम गईं।
ग्रामीणों ने नवजात की मौत के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस बाह में इसकी लिखित शिकायत की है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
बाह के मुकुंदपुर- गढ़वार रोड पर मुकुंदपुरा गांव के पास वर्षा के कारण सड़क पर गहरा गड्ढा हो गया है। इस गड्ढे में आए दिन वाहन फंस रहे थे। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मुकुंदपुरा निवासी भानुप्रताप सिंह ने बताया कि दो सितंबर की रात में उनके चचेरे भाई प्रवीन की पत्नी को प्रसव पीड़ा हो रही थी। रात एक बजे काल करके सरकारी एंबुलेंस मंगाई गई थी।
सड़क के गड्ढे में फंस गई एंबुलेंस
गांव के लिए एंबुलेंस लेकर चालक आ रहा था। तभी रात 1.30 बजे एंबुलेंस सड़क के गड्ढे में फंस गई। चालक ने काल करके गांव वालों को बुलाया। करीब दो घंटे बाद ट्रैक्टर की मदद से ग्रामीणों ने एंबुलेंस को गड्ढे से निकाला। 2.30 बजे एंबुलेंस गांव में पहुंची। इसके बाद प्रवीन और उनके स्वजन दूसरे रास्ते से उनकी पत्नी को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह पहुंचे। वहां नवजात की पैदा होते ही मौत हो गई। शनिवार को ग्रामीणों ने इसको लेकर बाह तहसील में शिकायत की। उनका आरोप है कि अस्पताल पहुंचने में हुई देरी के कारण नवजात बच्ची की जान चली गई।
यह भी पढ़ें- Post Office Recruitment 2026 10वीं पास युवाओं के लिए बंपर नौकरियां, 24 हजार पदों पर भर्ती; ऐसे होगा चयन
संपूर्ण समाधानदिवस में एसडीएम से की शिकायत
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात से पहले सड़क की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को कई बार अवगत कराया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने मामले की जांच कराने के साथ करीब 200 मीटर सीसी मार्ग बनवाने और जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
एसडीएम बाह विनोद कुमार का कहना है कि बाह- कचौरा मुख्य मार्ग से गढ़वार गांव को जोड़ने वाली रोड की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखा है। 48 घंटे में मरम्मत कराने को निर्देशित किया गया है।
