शादियों में दुल्हन और दूल्हे की एंट्री के नए रोमांचक ट्रेंड, दो साल में बदल गया ताजनगरी में शादियों का चलन
पारंपरिक एंट्री की जगह फिल्मी थीम, पेट्स, विंटेज कार, स्कूटी और बाहुबली जैसी एंट्री लोकप्रिय हो रही हैं। इंस्टाग्राम रील्स के प्रभाव से दुल्हनें अपनी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, आगरा। बदलते दौर में शादी सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि यादों का खूबसूरत उत्सव बनती जा रही है। खासकर दुल्हन की एंट्री अब परंपराओं की सीमाओं से निकलकर स्टाइल, आत्मविश्वास और नए प्रयोगों का प्रतीक बन गई है।
हर दुल्हन चाहती है कि उसकी पहली झलक ही ऐसी हो, जो हर किसी के दिल में बस जाए और उम्रभर याद रहे। इस चाहत ने शादियों में दुल्हन और दूल्हों की एंट्री का ट्रेंड बदल दिया है।
पारंपरिक से हटकर फिल्मी थीम पर आधारित एंट्री, सोलो रजवाड़ा एंट्री, आर्टिस्ट एंट्री, सोलो मिरर एंट्री, पेट्स, बाहुबली एंट्री और विंटेज कार, स्कूटी ये कुछ एंट्री है जो बेहद चलन में हैं।
दुल्हन की तरह दूल्हा भी कर रहे स्टेज एंट्री प्लान
ब्राइडल एंट्री के पीछे मनोविज्ञान कारण भी जुड़ा है जैसे लग्जरी कैरिज, रजवाड़ा एंट्री, पेट्स और सोलो मिरर एंट्री ये ऐसी एंट्री हैं जिनमें दुल्हन का आत्मविश्वास झलकता है। वे अपने आप को मजबूत और आत्मनिर्भर महसूस करती हैं। दूल्हे भी बाहुबली एंट्री के साथ मंच पर पहुंचते हैं।
दो सालों में बदल गया ब्राइडल एंट्री का ट्रेंड
वेडिंग प्लानर पुनीत अग्रवाल बताते हैं कि एक समय था जब दुल्हनों को पारंपरिक एंट्री पसंद थीं। जिसमें दुल्हन के ऊपर फूलों की चादर और अगल-बगल छोटी बहने और रिश्तेदार होते थे। यह ट्रेंड अब पुराना हो गया है। अब दुल्हन अकेले, बालीवुड स्टाइल में चश्मा लगा कर फिल्मी गानों पर डांस करते हुए स्टेज पर पहुंचती हैं। कई दुल्हन तो अपने खूबसूरत पेट्स, बिल्ली और डाग्स के साथ एंट्री लेती हैं।
स्कूटी चलाकर और ढोल की थाप पर नाचते हुए एंट्री
इवेंट प्लानर सीपी शर्मा बताते हैं कि अपने आप को मजबूत और आत्मविश्वास से भरा हुआ दिखाने के लिए खुद स्कूटी चलाकर ढोल की थाप पर नाचते हुए एंट्री लेती हैं। इंस्टाग्राम रील्स से प्रभावित होकर दुल्हनें अपनी ब्राइडल एंट्री खुद प्लान करती हैं। आज की दुल्हनें आत्मनिर्भर हो गईं हैं। वे खुद अपने तरीके से बारातियों के सामने स्टेज पर जाना पसंद करती हैं।
'जिनका बजट अच्छा होता है वे हैरिटेज, पहाड़ों और समुंद्र बीच पर डेस्टिनेशन बेडिंग करना पसंद कर रहे हैं। दुल्हन अपनी ब्राइडल एंट्री खुद डिजाइन करती हैं। इवेंट एंकर की डिमांड बढ़ी हैं। रायल एंट्री, रजवाड़ा एंट्री का चलन बढ़ा है। - भानु प्रताप सिंह, डेस्टिनेशन बेडिंग प्लानर और एंकर, रुनकता'
'पिछले दो सालों में इंस्टाग्राम ने ब्राइडल एंट्री में नए प्रयोग की बाढ़ ला दी है। दुल्हन अपनी एंट्री रायल अंदाज में चाहती हैं। अपनी एंट्री की रील्स बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करने का चलन बढ़ गया है - कृतिका ढिल्लन, बेडिंग प्लानर'
'दूल्हों की एंट्री का ट्रंड बन गया है। दूल्हों को सबसे ज्यादा बाहुबली एंट्री पसंद हैं। जब दूल्हा मंच की तरफ जाता है तो उसके चारों और अस्त्र-शस्त्र लिए कलाकार होते है। राजा महाराजा की तरफ स्टेज पर एंट्री होती है। - अमन पाराशर, वेडिंग प्लानर, राजपुर चुंगी'
'इसी हफ्ते मेरी शादी है। मैं चाहती हूं कि मेरी ब्राइडल एंट्री ऐसी हो कि बाराती देखते रह जाए। इस लिए मैंने लग्जरी कैरिज एंट्री प्लान की है। बैकग्रांउड में मेरा फेवरेट गाना चले चारों तरफ आतिशबाजी हो। कोमल वर्मा, दुल्हन, न्यू आगरा'
'हमने तय किया है कि शादी के मंच तक पहुंचने के लिए कुछ हटकर होना चाहिए। इस लिए हम दोनों की विंटेज कार में एक साथ बैठकर एंट्री करेंगे। मनपसंद गानों पर डांस भी करेगें। ये पल यादगार बनें। - आकाश वर्मा, दूल्हा, बोदला'