दयालबाग से पोइया-हाथरस रोड तक जाना होगा आसान, एक करोड़ की लागत से बनेगा पांटून पुल
आगरा में यमुना नदी पर पोइया घाट से दयालबाग के बीच प्रस्तावित पांटून पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। पुल के लिए पीपों की पहली खेप पोइया घाट पर पहु ...और पढ़ें

पांटून पुल की सांकेतिक तस्वीर।
संसू, जागरण-खंदौली (आगरा)। यमुना नदी पर पोइया घाट से दयालबाग के बीच प्रस्तावित पांटून पुल निर्माण ने आखिरकार जमीन पर गति पकड़ ली है। सोमवार को पुल निर्माण के लिए पीपों (पोंटून) की पहली खेप पोइया घाट पर पहुंच गई।
निर्माण कार्य शुरू होने की तैयारियां तेज हो गई हैं। विभागीय अधिकारियों ने आवश्यक सामग्री जुटते ही कार्य प्रारंभ करने का भरोसा दिया है। क्षेत्रीय विधायक धर्मपाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर पीपों का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल का निर्माण तय समयसीमा और मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को शीघ्र आवागमन की सुविधा मिल सके।
विधायक ने बताया कि लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पांटून पुल शहर से खंदौली होते हुए हाथरस और अलीगढ़ जाने के लिए महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग साबित होगा।
वर्तमान में लोगों को रामबाग से टेढ़ी बगिया होते हुए करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जबकि पुल बनने के बाद पोइया घाट–दयालबाग मार्ग से खंदौली की दूरी घटकर लगभग तीन किलोमीटर रह जाएगी।
पुल तैयार होने पर दोपहिया वाहन, पैदल राहगीर और हल्के छोटे वाहनों को सीधा लाभ मिलेगा। पैंतखेड़ा, पोइया, बगलघूंसा, खंदौली, आविदगढ़, उजरई समेत आसपास के गांवों के लोगों को भगवान टाकीज तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
पीपों की पूरी आपूर्ति के बाद उन्हें यमुना नदी में स्थापित कर आपस में जोड़ा जाएगा। इसके बाद डेकिंग और एप्रोच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। मौसम अनुकूल रहने पर निर्धारित समय में पुल को संचालन योग्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।