Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    DPS Agra के स्टूडेंट के तोड़ दिए चार दांत, साथ में पढ़ने वाले बच्चे ने मुंह में मारे दनादन मुक्के; पिता ने लगाई न्याय की गुहार

    By Neelesh Kumar Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Sat, 25 Apr 2026 09:15 PM (IST)

    आगरा के दिल्ली पब्लिक स्कूल में 10वीं के छात्र विश्वराज मल्होत्रा पर सहपाठी ने हमला कर उसके चार दांत तोड़ दिए। पिता ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आर ...और पढ़ें

    साथी की पिटाई से जख्मी छात्र।

    साथी की पिटाई से जख्मी छात्र।

    जागरण संवाददाता, आगरा। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) में शनिवार सुबह 10वीं के छात्र पर सहपाठी ने हमला कर दिया। छात्र के मुंह में कई मुक्के मारकर उसके चार दांत तोड़ दिए। मारपीट में उसके चेहरे पर जख्म भी हुए हैं। घटना के बाद आरोपित छात्र स्कूल से भाग गया।

    घायल छात्र के पिता ने सिकंदरा थाने में तहरीर दे दी है। इसमें आरोप लगाया है कि बेटे पर हुए जानलेवा हमले के षड्यंत्र में स्कूल मालिक, स्टाफ भी शामिल है। स्कूल प्रबंधन पर छात्र को प्राथमिक उपचार न देने, अस्पताल न ले जाने और उन्हें सही सूचना न देने का आरोप लगाया है।

    जयपुर हाउस में रहने वाले पीयूष मल्होत्रा यूट्यूबर हैं। शाह मार्केट में उनकी मोबाइल की दुकान है। उनका 15 वर्षीय बेटा विश्वराज मल्होत्रा सिकंदरा के शास्त्रीपुरम स्थित डीपीएस में 10वीं सेक्शन बी का छात्र है। शनिवार सुबह सात बजे छात्र विश्वराज मल्होत्रा स्कूल पहुंचा।

    स्कूल परिसर में दूसरे नाम से बुलाकर चिढ़ाने को लेकर उसका कक्षा 10 सेक्शन आई में पढ़ने वाले छात्र से विवाद हो गया। आरोपित छात्र ने विश्वराज के ऊपर हमला कर दिया। उसके मुंह में कई मुक्के मारे गए, जिससे उसके चार दांत टूट गए और वह लहूलुहान हो गया।

    खबरें और भी

    वारदात के बाद आरोपित छात्र भाग खड़ा हुआ। छात्र के ऊपर हुए हमले से स्कूल में अफरा-तफर मच गई। विश्वराज की हालत देखकर अन्य छात्र दहशत में आ गए। स्वजन ने छात्र को यथार्थ हास्पिटल में भर्ती कराया।

    पिता पियूष मल्होत्रा का आरोप है कि दूसरी मंजिल पर उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया गया। गनीमत रही बेटा नीचे नहीं गिरा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल स्टाफ ने दांत में जरा सी चोट लगने की जानकारी सुबह साढ़े सात बजे दी। बेटे को प्राथमिक उपचार नहीं दिया गया है।

    पिता की ओर से सिकंदरा थाने में दी गई तहरीर में कहा कि बेटे को जान से मारने की नियत से लोहे की वस्तु से हमला किया गया है। स्कूल में बेटे की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्कूल मालिक, प्रिंसीपल व स्टाफ की होती है।

    स्कूल प्रबंधन व स्टाफ ने वारदात के बाद आरोपित छात्र को भगा दिया। छात्र पर हमले की सूचना पर सिकंदरा पुलिस ने जांच की। आरोपित छात्र रोहता का बाग सुरक्षा विहार कालोनी क्षेत्र का रहने वाला है।

    आरोपित छात्र के पिता प्राॅपर्टी डीलर बताए गए हैं, हालांकि कई बार काॅल करने पर भी उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। डीपीएस के निदेशक सुनील अग्रवाल का कहना है कि विश्वराज ने दूसरे छात्र से अपशब्द कहे थे, जिस कारण दोनों के बीच विवाद और मारपीट हुई।

    छात्र को तत्काल स्टाफ ने प्राथमिक उपचार दिया, साथ ही उसके अभिभावकों को सूचना दी। जांच में पुलिस का भी पूरे सहयोग किया जा रहा है। घटना के समय प्रिंसीपल स्कूल से बाहर गए हुए थे।

    एसीपी हरीपर्वत अमीषा का कहना है कि छात्रों के बीच आपस में झगड़ा हुआ था। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    तीन महीने तक नहीं खुलेगा मुंह

    छात्र के पिता पियूष मल्होत्रा ने बताया कि हमले में बेटे के चार दांत टूटे हैं। दो दांत पूरी तरह से उखड़ गए हैं। यथार्थ हास्पिटल में बेटे का आपरेशन किया गया है। डाक्टरों का कहना है कि तीन महीने तक बेटे का मुंह नहीं खुलेगा।

    वहीं स्कूल प्रबंधन का कहना है कि छात्रों के बीच का आपसी झगड़ा था। जैसे ही स्टाफ को सूचना मिली, बच्चे का प्राथमिक उपचार कराया गया। साथ ही हमलावर छात्र के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।