एमएलसी चुनाव जीतने के बाद बोले आकाश अग्रवाल: जीत का मार्जिन अधिक, नहीं तो यहां भी गोरखपुर जैसी स्थिति बनती
आगरा एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने जीत हासिल की, उन्होंने कहा कि बड़े जीत के अंतर ...और पढ़ें

UP MLC Election Results: आकाश अग्रवाल।
HighLights
आकाश अग्रवाल ने आगरा एमएलसी चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की।
उन्होंने कहा, बड़े मार्जिन से गोरखपुर जैसी स्थिति टली।
धर्म परिवर्तन बयान और वैश्य समाज पर भी की टिप्पणी।
जागरण संवाददाता, आगरा। UP MLC Election Results:मतगणना निष्पक्ष और कैमरों के सामने हुई है। वो तो जीत का मार्जिन लगभग तीन- साढ़े तीन हजार वोटों का है, यदि यह 300-400 का होता, तो गोरखपुर में जो आरोप लग रहे हैं, वैसे ही आरोप यहां पर लगते। जीत का मार्जिन ज्यादा होने से हम यहां शांति से खड़े हुए हैं। 10, 20, 50 वोटों की हमने चिंता भी नहीं की। हमारे जो वोट उन्होंने कैंसिल करने चाहे, तो हम इस बात पर लड़े नहीं कि ये सही हैं, आपने गलत किया है।
सपा के शिक्षक स्नातक एमएलसी चुनाव में विजयी रहे सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने प्रमाण-पत्र मिलने से पूर्व मीडियाकर्मियों से वार्ता में यह बात कही। उन्होंने कहा कि मारपीट का आरोप नहीं, सब सत्य है।
मतगणना कक्ष के अंदर की वीडियो रिकॉर्डिंग से यह पता चल जाएगा कि हमने झगड़ा किया है या सामने वालों ने जानलेवा हमला कराया है। वीडियो तो अपने आप में प्रमाण है कि झगड़े की शुरुआत किसने की और क्या हुआ है।
जीत का मार्जिन अधिक, नहीं तो यहां भी गोरखपुर जैसी स्थिति बनती
भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी के सपा द्वारा गुंडों और हिस्ट्रीशीटरों को लेकर आने और गुंडई के आरोपों पर डॉ. आकाश अग्रवाल ने कहा कि दिसंबर, 2020 की रात थी। तत्कालीन भाजपा के प्रत्याशी ने मुझ पर यह आरोप लगाया था कि मैंने तत्कालीन मण्डलायुक्त को खरीद लिया है और उसने वोटिंग में हेराफेरी की है। भाजपा का कौन-सा प्रत्याशी क्या आरोप लगाता है, उसके बारे में मैं नहीं बता सकता।
आकाश ने कहा कि उनकी नजर में सरकार की छवि अच्छी थी, लेकिन टूट गई
धर्म परिवर्तन करने के एलान पर उन्होंने कहा कि उनका यह मानना था कि उप्र सरकार अच्छा काम कर रही है, आतंकवादियों की दुश्मन है और अनुशासन से चलती है। राम राज्य लाना चाह रही है, लेकिन जब मैंने देखा कि हमारे प्रबंधक साथियों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों को डराया-धमकाया जा रहा है और बूथ कैप्चरिंग की जा रही है, तो सरकार की जो छवि मेरे हृदय में बनी हुई थी कि राम राज्य आ रहा है, वह टूट गई। मैं मानसिक रूप से बड़ा परेशान था। भावावेश में वह बयान दे दिया। 23 अक्टूबर को मतदान के दौरान बूथ कैप्चरिंग की शिकायत करने कमिश्नरी पहुंचे आकाश अग्रवाल फूट-फूटकर रोये थे और धर्म परिवर्तन का ऐलान किया था।
प्रदेश में एक परिवार के चार लोगों की नौकरी कहां लगी
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के वैश्या वाले बयान पर आकाश अग्रवाल ने कहा कि मैं किसी का नाम नहीं ले रहा हूं। वैश्य समाज अपने पुरुषार्थ के लिए जाना जाता है। कोई उसे भीख नहीं देता। वो अपनी मेहनत करता है और अपना व्यवसाय करता है। हमारी पहचान भामाशाह से है जो हमारे पूर्वज हैं। जब देश की रक्षा के लिए अपनी पूंजी दान करने की बारी आती है, तो अपनी पूरी संपत्ति दान कर देते हैं। देश में चल रही धर्मशालाओं और हॉस्पिटल में से लगभग 50 प्रतिशत से ज्यादा वैश्य समाज के हैं। मुझे केवल वैश्य समाज से होने के नाते इन सब व्यक्तियों के द्वारा परेशान किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- आगरा एमएलसी स्नातक चुनाव: भाजपा के मानवेंद्र प्रताप सिंह ने दर्ज की दूसरी जीत
आकाश ने कहा कि आज से 15 साल पहले जो विधायक बने, उन्होंने एक वैगन आर में जाकर शपथ ली। कुछ यहां पर कैबिनेट मंत्री हैं जिनके 100-100 करोड़ के होटल गोवा में चल रहे हैं। प्रदेश में वर्ष 2017 से लेकर अब तक कितने परिवार में एक जने को नौकरी मिल गई? यहां पे चार-चार आदमियों की अच्छी नौकरी लग गई। प्रदेश में कहीं ऐसा नहीं हो रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।