Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आगरा दक्षिण विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड: ड्रेनेज और पानी की समस्याओं से जूझता विकास

    Updated: Tue, 28 Jul 2026 03:14 PM (GMT+05:30)

    Uttar Pradesh MLA Report Card आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के रिपोर्ट कार्ड में ड्रेनेज, पानी की कमी और अतिक्रमण जैसी प्रमुख समस्याएं सामने आई हैं। हा ...और पढ़ें

    आगरा दक्षिण विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड।

    आगरा दक्षिण विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड।

    HighLights

    1. माहौर बस्ती में पीने के पानी की पाइपलाइन नहीं है।

    2. बोदला-अलबतिया रोड पर जलभराव और ड्रेनेज की कमी।

    3. शाहगंज बाजार में अतिक्रमण और जाम की समस्या।

    निर्लोश कुमार, आगरा। दक्षिण विधानसभा सीट वर्ष 2012 में परिसीमन में अस्तित्व में आई थी। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री याेगेंद्र उपाध्याय इस सीट पर जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। वह अपनी उपलब्धियाें में पालड़ा फाल से गंगाजल लाना और क्षेत्र में वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को करोड़ों रुपये की योजनाओं को अवश्य गिनाते हैं। उनके निर्वाचन क्षेत्र में कुछ माेहल्ले ऐसे हैं, जहां पीने का पानी नहीं पहुंच रहा है। चित्रा टाकीज के सामने माहौर बस्ती में गंगाजल तो तब पहुंचे, जब यहां पाइपलाइन पड़े। सोरों कटरा में पानी के प्रेशर की समस्या है। कुछ यही हाल गोकुलपुरा क्षेत्र का है।

    बोदला-अलबतिया रोड और उससे जुड़े इलाकों में वर्षा होते ही उचित ड्रेनेज व्यवस्था नहीं होने से जलभराव हो जाता है। नालों की बाउंड्री तक नहीं हैं। शाहगंज बाजार में अतिक्रमण और लगने वाला जाम यहां से गुजरने वालों को रुला लेता है। पुराने शहर में मार्केट तो हैं, लेकिन सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से खरीदारी को पहुंचे लोगों विशेषकर महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ती है।

    दक्षिण विधानसभा की पड़ताल में कुछ यही तस्वीर नजर आई

    दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में नोर्मल कंपांउंड में बन रही नक्षत्रशाला, जीआइसी मैदान में बन रहा मिनी इनडोर स्टेडियम, पचकुइयां से मारुति एस्टेट तक सीएम ग्रिड योजना में हो रहा मॉडल रोड का काम विकास की तस्वीर दिखाते हैं। मिश्रित आबादी वाला नाई की मंडी के डेरा सरस और कटरा हवेली खां में तंग गलियां हैं। यहां सीवर लाइन चोक होने की वजह से सीवर उफनने लगते हैं। गलियों में सकर मशीन नहीं पहुंच पाती हैं।

    सीवर चोक होने पर सफाईकर्मियों को बुलाकर सीवर साफ कराना पड़ता है

    हनाई की मंडी के अब्दुल वाहिद बताते हैं कि सीवर चोक होने पर सफाईकर्मियों को बुलाकर सीवर साफ कराना पड़ता है। दुर्गंध से हाल खराब हो जाता है। सोरों कटरा में पानी का प्रेशर कम रहता है, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। पचकुइयां से तहसील होते हुए शाहगंज तक के रोड में जगह-जगह गड्ढे हैं। रेलवे पुल के नीचे तो हिचकोले खाते हुए गाड़ी आगे बढ़ती है। शाहगंज बाजार में अतिक्रमण होने से हर समय जाम के हालात रहते हैं।

    खबरें और भी

    टेंपो खड़े होने से पैदल लोगों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है

    भोगीपुरा चौराहा पर टेंपो खड़े होने से पैदल लोगों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। पुल छिंगा मोदी नाले की दीवार नहीं होने से हर समय हादसे का डर लोगों को सताता है। अलबतिया रोड, बालाजीपुरम में ड्रेनेज की उचित व्यवस्था नहीं है। यहां वर्षा होते ही मुख्य मार्ग पर जलभराव हो जाता है। हमीद नगर में जहीर खान बताते हैं कि पानी तो मिल रहा है, लेकिन गलियां और सड़कें खराब हैं।

    ये है दक्षिण विधानसभा का गणित

    • कुल मतदाता, 2.51 लाख
    • पुरुष मतदाता, 1.38 लाख
    • महिला मतदाता, 1.13 लाख
    • कुल बूथ: 390

    नोर्मल कंपाउंड में साइंस सिटी और नक्षत्रशाला, जीआइसी मैदान में मिनी इनडोर स्टेडियम और पचकुइयां से मारुति एस्टेट तक माडल रोड बनवाया जा रहा है। दूसरे चरण में मारुति एस्टेट से 100 फीट रोड अलबतिया तक माडल रोड बनेगा। एसएन मेडिकल कालेज को एम्स की तर्ज पर विकसित कराया जा रहा है। कोठी मीना बाजार मैदान में छत्रपति शिवाजी महाराज के स्मारक को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरा होने को है। सुभाष पार्क का कायाकल्प कराया गया है। 12 करोड़ रुपये से गीता गोविंद विकसित कराई है। क्षेत्र में चार वर्षों में 50 करोड़ रुपये से अधिक के काम सड़कों, गलियों के कराए हैं। चित्रा टाकीज के पास स्थित दोनों माहौर बस्ती में 10 सबमर्सिबल लगवाए हैं। गोकुलपुरा क्षेत्र की पेयजल समस्या के निदान को दो टंकी स्वीकृत हो चुकी हैं। एक टंकी जीआइसी मैदान में और दूसरी किदवई पार्क में बनेगी। अलबतिया क्षेत्र में 180 करोड़ रुपये से क्षेत्र में पानी की लाइन, सात ओवरहेड टैंक और चार अंडरग्राउंड टैंक बनवाए हैं। शाहगंज विकास योजना में 170 करोड़ रुपये से सीवर लाइन बिछवाई हैं। ड्रेनेज से संबंधित काम नगर निगम के हैं। आगरा कालेज की 35 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है।

    -

    योगेंद्र उपाध्याय, उच्च शिक्षा मंत्री

    क्षेत्र में जो समस्याएं पहले थीं, आज भी वह बरकरार हैं। चित्रा टाकीज के पास माहौर बस्ती में पानी की पाइपलाइन आज तक नहीं पड़ी हैं। पुल छिंगा मोदी और गीदा का नगला में नाले की दीवार तक नहीं हैं। क्षेत्र में खड़ंजों, सड़कों, सीवर और पानी की काफी समस्या है। वर्षा में अलबतिया रोड और उसके आसपास की कालोनियों में घुटनों तक पानी भर जाता है। गलियों में सीवर ओवरफ्लो होने लगते हैंं। सड़कें बनती हैं तो छह माह में धंस जाती हैं। ड्रेनेज के बगैर विकास कार्य अधूरा है। जब तक उचित ड्रेनेज व्यवस्था नहीं होगी, तब तक सड़कें खराब होती रहेंगी। शाहगंज बाजार, रुई की मंडी, लोहामंडी चौराहा पर जाम की समस्या का निजात आज तक नहीं हुआ है।

    -

    विनय अग्रवाल, (वर्ष 2022 में सपा से चुनाव लड़े और दूसरे स्थान पर रहे)