विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोबाइल से बढ़ रहा सिरदर्द और माइग्रेन का खतरा: प्रिवेंटिव थेरेपी से राहत, न्यूरोलॉजिकल समस्याओं पर विशेषज्ञ सलाह

Published: Fri, 14 Aug 2026 08:53 AM (IST)

मोबाइल के अत्यधिक उपयोग और तनाव से सिरदर्द की समस्या बढ़ रही है, जिसमें बच्चों से लेकर युवा तक प्रभावित ...और पढ़ें

डॉक्टर आकांक्षी अग्रवाल, न्यूरोफिजिशियन एसएन मेडिकल कालेज एवं अस्पताल।

डॉक्टर आकांक्षी अग्रवाल, न्यूरोफिजिशियन एसएन मेडिकल कालेज एवं अस्पताल।

HighLights

  1. मोबाइल और तनाव से सिरदर्द की समस्या में वृद्धि।

  2. माइग्रेन के इलाज में प्रिवेंटिव थेरेपी बहुत प्रभावी।

  3. ब्रेन स्ट्रोक, मिर्गी, न्यूरोपैथी पर विशेषज्ञ ने दी जानकारी।

जागरण संवाददाता, आगरा। मोबाइल की छोटी स्क्रीन में घंटों रील और वीडियो देखने और अत्यधिक तनाव से सिर दर्द की समस्या हो रही है। इससे बच्चों से लेकर युवा परेशान हैं। वहीं, पिछले कुछ वर्षों से माइग्रेन की समस्या भी बढ़ी है इसके लिए मरीज दर्द की दवा लेते रहते हैं। जबकि प्रिवेंटिव थेरेपी से माइग्रेन के दर्द में राहत मिल जाती है। मिर्गी के दौरे में समय से इलाज मिलने पर मरीज पूरी तरह से ठीक हो सकता है।

गुरुवार को दैनिक जागरण के हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में एसएन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की न्यूरोफिजिशियन डॉ. आकांक्षी अग्रवाल ने ब्रेन स्ट्रोक, पैरालाइसिस, न्यूरोपैथी, गर्दन और रीढ़ की हड्डी के दर्द से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए।

प्रश्न- सिर में दर्द रहता है, दर्द की दवा लेने से ठीक हो जाता है इसके बाद दोबारा होने लगता है। श्री कृष्ण, आवास विकास कालोनी, सौरभ शर्मा, दयालबाग, अंकित गुप्ता, आवास विकास कॉलोनी, भवन सिंह, बिचपुरी, ललित कुमार, जऊपुरा

अत्यधिक मोबाइल देखने, तनाव, नींद पूरी ना होने के साथ ही उच्च रक्तचाप के कारण सिर दर्द की समस्या रहती है। मोबाइल की जगह टीवी देखें, योग और व्यायाम करें। रक्तचाप की जांच करा लें इसके बाद भी सिर दर्द रहता है तो सीटी स्कैन कराया जाता है कि कोई अन्य कारण तो नहीं है।

प्रश्न- तीन वर्ष पहले ब्रेन स्ट्रोक पड़ा था, उंगली में सुन्नपन है। अशोक कुमार, सिकंदरा

ब्रेन स्ट्रोक के दौरान दिमाग के जिस हिस्से को क्षति पहुंचती है वह काम करना बंद कर देता है। इसे ठीक होने में समय लगता है इसके कारण ही सुन्नपन, एक हाथ और पैर का काम ना करने सहित अन्य समस्याएं होती हैं। इसके लिए दवाओं के साथ ही फिजियोथेरेपी कराई जाती है।

प्रश्न- शरीर में अलग अलग जगह पर चींटी सी काटती है। रामनिवास, कमला नगर

ये न्यूरोपैथी के लक्षण हैं। इसकी जांच की जाती है जिससे कारण पता चल जाता है। इलाज से यह ठीक हो जाता है।

प्रश्न- धूप में निकलने, मासिक धर्म के दौरान सिर के एक हिस्से में माइग्रेन का दर्द होने लगता है। हिमांशी, दयालबाग, अंकिता शर्मा ट्रांस यमुना कॉलोनी

माइग्रेन के लिए प्रिवेंटिव थेरेपी है इससे माइग्रेन में काफी राहत मिल जाती है। साथ ही जिस कारण से माइग्रेन होता है उससे बचाव करना चाहिए। दर्द की दवा लेने से माइग्रेन के दर्द में हल्की राहत मिलती है ये दवा भी लगातार नहीं लेनी चाहिए।

प्रश्न- 20 वर्ष पहले गिरने से रीढ़ की हड्डी में चोट लग गई थी अब पैरों में झनझनाहट होती है। विमल चंद्रा, फतेहाबाद

पैरों में झनझनाहट के कई कारण हो सकते हैं, चोट 20 वर्ष पुरानी है इसलिए चोट के कारण झनझनाहट की आशंका कम है। एक बार डाक्टर से परामर्श ले लीजिए।

जागरण के पांच प्रश्न

प्रश्न- ब्रेन स्ट्रोक का खतरा किन लोगों को ज्यादा रहता है और क्या लक्षण हैं।

मधुमेह, उच्च रक्तचाप, शराब और धूमपान का सेवन करने वाले लोगों को ब्रेन स्ट्रोक का खतरा अधिक रहता है। इसमें शरीर के एक तरफ का हिस्सा काम करना बंद कर देता है, आवाज ठीक तरह से नहीं निकलती है। मरीज को तीन से चार घंटे के अंदर अस्पताल पहुंचा दिया जाए तो इंजेक्शन देकर ब्रेन स्ट्रोक के दौरान क्लाट जमा है तो उसे खोला जा सकता है।

प्रश्न- मिर्गी के दौरे की समस्या किस कारण से होती है, क्या इसका इलाज है, शादी के बाद समस्या तो नहीं आती।

हर दौरा मिर्गी का नहीं होता है, इसके लिए ईईजी की जांच के साथ ही क्लीनिकल मरीज को देखा जाता है दौरा किस तरह से पड़ा था यह भी देखा जाता है। मस्तिष्क के अंदर न्यूरोंस में गड़बड़ी के कारण यह समस्या होती है। इलाज से अधिकांश मरीज पूरी तरह से ठीक हो जाते हैं। मिर्गी के दौरे से पीड़ित महिला मरीजों को शादी करने में कोई समस्या नहीं है, गर्भधारण भी कर सकती हैं उस दौरान दवा बंद कर दी जाती है।

प्रश्न- सिर दर्द माइग्रेन का है या सामान्य है यह कैसे पता कर सकते हैं।

माइग्रेन में आधे सिर में दर्द होता है, जिस तरह से दिल की धड़कन चलती हैं उसी तरह से मस्तिष्क में भी दर्द के दौरान महसूस होता है। उल्टी आ सकती है, यह चार से आठ घंटे तक रह सकता है। लाइट और तेज आवाज से दर्द बढ़ने लगता है।

प्रश्न- आंखों के पलकों का झुकना, दो दिखाई देना यह किस बीमारी के लक्षण हैं।

मायस्थेनिया ग्रेविस में पलक झुकने के साथ ही दो दिखाई देते हैं, यह आटो इम्यून डिसऑर्डर है इसमें नर्व और मांसपेशियों के बीच केमिकल की कमी के कारण तालमेल गड़बड़ा जाता है यह दवाओं से ठीक हो जाती है।

प्रश्न- पार्किंसन की बीमारी ठीक हो सकती है।

यह उम्र के साथ होने वाली बीमारी है इसमें हाथ पैरों में कंपन होने लगता है। संतुलन गड़बड़ा जाता है छोटे छोटे कदम रख पाते हैं। दवाओं से इसकी रोकथाम हो सकती है यह ठीक नहीं हो सकता है।

यह भी पढ़ें- पलक झपकते ही कई फीट हवा में उछली क्रेटा कार, अतीक के बेटे अबान अहमद के एक्सीडेंट का वीडियो आया सामने