विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Sawan Ka Somwar: आगरा में सावन के अंतिम सोमवार पर पृथ्वीनाथ मेला शुरू, फ्री में देखिए आज अकबर का मकबरा

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Saxena
Published: Mon, 28 Aug 2023 08:06 AM (GMT+05:30)

आगरा में सावन के चार सोमवार को चारों कोनों में स्थापित शिव मंदिरों में मेले का आयोजन विभिन्न सोमवार को ...और पढ़ें

शाहगंज स्थित पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर हुआ मेले का शुभारंभ।
शाहगंज स्थित पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर हुआ मेले का शुभारंभ।

HighLights

  1. सावन के चौथे सोमवार को लगता है पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर मेला
  2. अकबर के मकबरे में आज पर्यटकों के लिए प्रवेश फ्री

आगरा, जागरण संवाददाता। सावन के अंतिम सोमवार पर शाहगंज स्थित पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर मेले का आयोजन हुआ। मंदिर पर भव्य सजावट की गई है। क्षेत्र में विभिन्न वस्तुओं की दुकानें सजी हैं, तो वहीं झूले भी लग गए हैं। रविवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मंदिर में पूजन कर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। मंदिर महंत अजय राजौरिया ने उच्च शिक्षा मंत्री को मंदिर में अभिषेक व पूजन कराया। उनके साथ पुत्र अलौकिक उपाध्याय आदि भी मौजूद रहे।

सुबह श्रद्धालुओं के लिए खुले पट

मंदिर महंत ने बताया कि सोमवार को सुबह 4:00 बजे से पहले पहर की पूजा के साथ ही मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद सुबह 9:00 बजे, दोपहर 12 बजे और फिर शाम 6:00 बजे आरती होगी। रात को महाआरती के साथ मेला संपन्न होगा। इस दौरान मंदिर में फूल बंगला सजाया गया है। 

लगे झूले, सजा बाजार

पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर मेले को लेकर पूरा क्षेत्र सजा है। मैदान में बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। वहीं विभिन्न वस्तुओं की फड भी सजी हैं।

सजा चांदी का हिंडोला

सावन के अंतिम सोमवार को देखते हुए रावतपाड़ा स्थित श्रीमन:कामेश्वर महादेव मंदिर में रविवार को चांदी का हिंडोला सजाया गया। बाबा मन:कामेश्वर नाथ महाराज सोमवार तक विशेष हिंडोले में विराजमान होकर दर्शन देंगे। भव्य फूल बंगला भी सजाया जाएगा।

अन्य मंदिरों में भी उमड़ी भीड़

सावन के अंतिम सोमवार पर राजेश्वर महादेव, बल्केश्वर महादेव, कैलाश महादेव, रावली महादेश आदि महादेव मंदिरों पर भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ को देखते हुए सुबह कांवड़ चढ़ाने की व्यवस्था की गई है, तो छह बजे के बाद मंदिरों के पट श्रद्धालुओं के खाेले गए हैं। सभी मंदिरों में महादेव शाम 4:00 बजे तक दर्शन देंगे। इसके बाद उनका श्रृंगार कर भव्य फूल बंगला सजाया जाएगा।

अकबर के मकबरे में पर्यटकों का प्रवेश फ्री

अकबर के मकबरे में सोमवार को पर्यटकों को निश्शुल्क प्रवेश है। सावन के तीसरे व चौथे सोमवार को मकबरे में भारतीय व विदेशी पर्यटकों को निश्शुल्क प्रवेश दिया जाता है। सावन के तीसरे सोमवार को कैलाश महादेव मंदिर और चौथे सोमवार को पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर मेला लगता है। मकबरे में पर्यटकों के निश्शुल्क प्रवेश की सूचना पूर्व में ही अधीक्षण पुरातत्वविद् डा. राजकुमार पटेल ने जारी कर दी थी। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।