Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'करो या मरो का है 2027 का चुनाव', आगरा में बोले सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 05:30 AM (GMT+05:30)

    सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने आगरा में पीडीए सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को 2027 विधानसभा चुनाव को 'करो या मरो' का बताया। उन्होंने भाजपा पर वादे पू ...और पढ़ें

    'करो या मरो' का है 2027 का चुनाव: श्याम लाल पाल।

    'करो या मरो' का है 2027 का चुनाव: श्याम लाल पाल।

    HighLights

    1. सपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगरा में पीडीए सम्मेलन को संबोधित किया।

    2. 2027 विधानसभा चुनाव को 'करो या मरो' का बताया, एकजुटता पर जोर।

    3. भाजपा पर रोजगार, संविधान और राम मंदिर चंदे पर सवाल उठाए।

    जागरण संवाददाता, आगरा। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने गुरुवार को आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के पीडीए सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत बनाने का पाठ पढ़ाया। वृंदावन रिजोर्ट में हुए सम्मेलन में उन्होंने कहा, प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाला विधानसभा चुनाव 'करो या मरो' का है। पार्टी जिसे भी टिकट दे, सभी दावेदार और कार्यकर्ता एकजुटता के साथ उसे विजयी बनाने का संकल्प लें।

    पिछड़ा, दलित अल्पसंख्यक (पीडीए) के साथ-साथ हर पीड़ित, शोषित, वंचित और अपमानित व्यक्ति सपा के परिवार का हिस्सा है, चाहे वह किसी भी जाति या वर्ग से संबंधित हो।

    सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशों पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल प्रदेश की सुरक्षित सीटों के प्रवास पर निकले हैं और समीक्षा बैठक कर रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने आगरा ग्रामीण विधानसभा की समीक्षा करने के साथ पीडीए सम्मेलन किया।

    सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने युवाओं को प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार और प्रत्येक नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये देने का वादा पूरा नहीं किया। भाजपा के लोग ना तो डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का सम्मान करते हैं और ना ही संविधान की भावना का। वे भगवान राम के नाम पर सत्ता में आए, लेकिन आज राम मंदिर के चंदे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है।

    उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उप्र की जनता ने परिवर्तन का संदेश दिया था। वर्ष 2027 में भी प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा ने की।

    खबरें और भी

    संचालन जिला महासचिव संतोष पाल बघेल और ग्रामीण विधानसभा के अध्यक्ष महिपाल यादव ने किया। प्रदेश सचिव लल्ला गुर्जर व राहुल चतुर्वेदी, रामसहाय यादव, रामगोपाल बघेल, राकेश धनगर, पवन प्रजापति आदि मौजूद रहे।

    बूथ समितियों की समीक्षा की

    प्रदेश अध्यक्ष ने ग्रामीण विधानसभा के 482 बूथ, 48 सेक्टर प्रभारियों और 10 जोनल प्रभारियों के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की। उन्हें निर्देश दिए कि वह हर बूथ पर काम करें। बूथ को मजबूत करने के लिए जनता के बीच जाएं और उनकी समस्याएं जानकर निदान कराएं। ऐसे बूथों पर विशेष ध्यान दें, जिन पर पिछले चुनाव में सपा दूसरे स्थान पर रही थी। उन्होंने प्रत्येक सेक्टर और जोनल प्रभारी को मंच पर बुलाकर सम्मानित कर संगठन को मजबूत बनाने के लिए उत्साह बढ़ाया।

    कार्यकर्ताओं के यहां गए

    सपा प्रदेश अध्यक्ष गुरुवार सुबह सपा छात्र सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष चिराग तोमर के महावीर नगर राजपुर चुंगी स्थित घर गए। कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया।

    दोपहर में वह नितिन काेहली के कमला नगर स्थित घर गए और कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने की बात कही। वहीं, सपा नेता विनय अग्रवाल ने मुलाकात कर पेठा उद्योग, जूता उद्योग, आलू किसानों और पच्चीकारी उद्योग की समस्याओं से अवगत कराया।

    यह भी पढ़ें- प्रयागराज में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को मिली अनुमति, आठ अगस्त केपी ग्राउंड में होगा आयोजन