विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा: चंबल नदी में डीजल खत्म होने से बहा स्टीमर, 8 KM तक 50 यात्रियों में मची चीख-पुकार

Updated: Sun, 16 Aug 2026 12:37 PM (IST)

स्टीमर का डीजल खत्म होने से चंबल नदी में करीब 50 यात्रियों और 10-12 मोटरसाइकिलों सहित एक स्टीमर 8 किलोमीटर तक बह गया। मध्यप्रदेश की सीमा में एक टीले से टकराकर स्टीमर रुका, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और उनकी जान पर बन आई।

HighLights

  1. स्टीमर का डीजल खत्म होने से चंबल में बहा

  2. करीब 50 यात्री और 10-12 मोटरसाइकिलें थीं सवार

  3. 8 किलोमीटर बहने के बाद टीले से टकराकर रुका

संवाद सूत्र, बाह (आगरा)। चंबल नदी में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया जब मध्यप्रदेश के भिंड स्थित नगरा घाट से बाह के कैंजरा घाट की ओर आ रहे स्टीमर का डीजल खत्म हो गया। तेज बहाव के कारण स्टीमर नदी की धारा में बहने लगा। उस पर करीब 10-12 मोटरसाइकिलों के साथ लगभग 50 यात्री सवार थे।
बताया गया है कि स्टीमर करीब आठ किलोमीटर तक नदी की तेज धारा में बहता चला गया। गुढ़ा गांव के पास मध्यप्रदेश की सीमा में एक टीले से टकराने के बाद स्टीमर रुक गया। अचानक स्टीमर के बहने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सवार यात्री घबराकर एक-दूसरे को संभालते नजर आए।

टीले के पास टकराकर रुक गया स्टीमर

घटना की सूचना मिलने पर बासौनी पुलिस भी सतर्क हो गई। बासौनी थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल ने बताया कि स्टीमर मध्यप्रदेश की ओर से आ रहा था। घटना मध्यप्रदेश क्षेत्र में हुई है। पुलिस के अनुसार स्टीमर के टीले से टकराकर रुकने के बाद यात्रियों को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई की जानकारी जुटाई जा रही है।

bah police small

पुलिस जानकारी करती हुई।

तेज बहाव में बढ़ा खतरा

चंबल नदी में इन दिनों पानी का बहाव तेज है। ऐसे में स्टीमर का डीजल खत्म होने से यात्रियों की जान पर बन आई। करीब आठ किलोमीटर तक स्टीमर के बहने की सूचना से सुरक्षा व्यवस्था और स्टीमर संचालन में बरती जा रही सावधानियों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

यह भी पढ़ें- बागपत: नरेश टिकैत के नेतृत्व में दिल्ली-दून कॉरिडोर पर तिरंगा यात्रा, बोले- किसी को परेशानी हुई तो खेद है

यह भी पढ़ें- UP Weather: आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, लखनऊ सहित 40 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बरसात