युवती पर बताया जिन्न का साया, तांत्रिक ने किया दुष्कर्म फिर ब्लैकमेल; परेशान युवती ने किया आत्महत्या का प्रयास
आगरा के पास मलपुरा में एक तांत्रिक ने युवती पर जिन्न का साया बताकर पूजा-पाठ के बहाने दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद युवती ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
-मलपुरा थाना क्षेत्र की घटना, फतेहपुर सीकरी का है तांत्रिक
-घर में पूजा-पाठ के बहाने बेहोश करके किया दुष्कर्म
जागरण संवाददाता, आगरा। मलपुरा क्षेत्र की रहने वाली युवती से फतेहपुर सीकरी निवासी तांत्रिक जय प्रकाश ने झाड़-फूंक के बहाने बेहोश करके उससे दुष्कर्म किया। अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रकम वसूल ली। युवती द्वारा विराेध करने और तांत्रिक के मोबाइल नंबर ब्लाॅक करने पर वह अलग-अलग नंबरों से धमकी देने लगा।
युवती द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने पर परिवार को तांत्रिक की हरकत का पता चला। पीड़िता के स्वजन ने मलपुरा थाने में तांत्रिक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। मलपुरा क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह परिवार की युवती के साथ दर्शन के लिए धौलपुर के बसई नवाब स्थित बालाजी मंदिर जाती थी।
वहां पर उसकी मुलाकात फतेहपुर सीकरी निवासी तांत्रिक जय प्रकाश उर्फ जया से हुई। एक दिन तांत्रिक ने उससे कहा कि वह उसकी समस्या का समाधान कर सकता है। जिसके लिए घर पर आकर पूजा करनी होगी। जिसमें 61 हजार रुपये खर्च आएगा। महिला के अनुसार उसके परिवार में बहुत समस्याएं थीं। परिवार के लोगों से तांत्रिक द्वारा पूजा-पाठ कराने को कहा तो वह तैयार हो गए।
जिस पर उसने नवंबर तांत्रिक जय प्रकाश को घर में पूजा-पाठ करने के लिए बुलाया। तांत्रिक की नजर युवती पर थी। बताया कि युवती पर जिन्न का साया है। वह सबको मार देगा, इसलिए युवती का उपचार करना होगा। महिला और परिवार के लोग इसके लिए तैयार हाे गए। जिसके बाद तांत्रिक ने महिला समेत परिवार के अन्य सदस्यों को दूसरे कमरे में भेज दिया। युवती को पूजा-पाठ करने वाले कमरे रखा।
खबरें और भी
तांत्रिक ने कई बार युवती को कमरे में ले जाकर पूजा-पाठ किया। युवती पूजा के बाद बेहोशी की हालत में होती थी। तांत्रिक ने उसके वीडियो और फोटाे बनाकर ब्लैकमेल करना शुरु कर दिया। युवती से रकम वसूलने लगा। युवती ने आरोपित का नंबर ब्लाक किया तो वह अलग-अलग नंबर से काॅल करके धमकी देने लगा। बदनामी और ब्लैकमेलिंग से तनाव में आकर युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया।
जिसके बाद परिवार के सामने तांत्रिक की हरकत का पर्दाफाश हुआ। डीसीपी आदित्य ने बताया कि आरोपित तांत्रिक जय प्रकाश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।