सावन के तीसरे सोमवार पर आगरा में ट्रैफिक डायवर्जन, इन रास्तों पर रहेगी आवाजाही बंद
आगरा में सावन के तीसरे सोमवार और कैलाश मंदिर मेले के चलते 16 अगस्त शाम 4 बजे से यातायात व्यवस्था ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
आगरा में सावन के तीसरे सोमवार को यातायात डायवर्जन लागू
16 अगस्त शाम 4 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित
कैलाश मंदिर मेले के कारण कई मार्गों पर प्रतिबंध
आगरा, जागरण संवाददाता। सावन के तीसरे सोमवार को प्रमुख शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना व जलाभिषेक तथा कैलाश मंदिर पर मेले को देखते हुए आगरा में यातायात व्यवस्था बदली जाएगी। यातायात पुलिस की ओर से जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार व्यवस्था 16 अगस्त को शाम चार बजे से शुरू होकर 17 अगस्त को कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगी। इस दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी और कई मार्गों पर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से गुजारा जाएगा।
बाहरी मार्गों पर भी डायवर्जन
- दिल्ली से आगरा आने वाले भारी वाहनों को मथुरा पुलिस टाउनशिप चौराहा से डायवर्ट कर गोकुल बैराज, यमुना एक्सप्रेस-वे व अन्य वैकल्पिक मार्गों पर भेजेगी।
- हाथरस से आगरा आने वाले भारी वाहन सिकंदराराऊ अथवा सादाबाद होकर मथुरा की ओर जाएंगे।
- एनएच-19 पर रैपुरा जाट दक्षिणी बाईपास से कुबेरपुर कट के बीच भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- फिरोजाबाद से मथुरा जाने वाले भारी वाहन कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेस-वे होकर जाएंगे।
- मथुरा से फिरोजाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को रेपुरा जाट, दक्षिणी बाईपास, रोहत नहर चौराहा, दिगनेर मार्ग और इनर रिंग रोड से भेजा जाएगा।
- फिरोजाबाद से ग्वालियर और जयपुर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी कुबेरपुर कट, इनर रिंग रोड, दिगनेर पुलिया, रोहत नहर और अन्य वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री
- रोहत नहर चौराहा, पथौली नहर चौराहा, एनएच-19, रुनकता से कुबेरपुर कट, एत्माद्दौला, खंदौली, रामबाग, तोरा चौकी, एकता चौकी और मलपुरा सहित अन्य प्रवेश मार्गों से भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
- आंतरिक व्यवस्था के तहत सिकंदरा मंडी के ऊपर एनएच-19 से सिकंदरा चौराहे की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
- कैलाश मोड़ से कैलाश मंदिर तक सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। कारगिल पेट्रोल पंप से सिकंदरा चौराहे की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे।
सुबह चार बजे से कई मार्गों पर रोक
- 17 अगस्त को सुबह चार बजे से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कार्यक्रम समाप्त होने तक भोगीपुरा से पृथ्वीनाथ फाटक तक चार पहिया व बड़े वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- वायु विहार से पृथ्वीनाथ फाटक की ओर भी चार पहिया वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। एनएच-19 से वाटर वर्क्स चौराहे की ओर भारी वाहन और रोडवेज बसें नहीं आ सकेंगी।
- एकता थाना और राजपुर चुंगी चौराहे से राजेश्वर मंदिर की ओर चार पहिया व दोपहिया वाहनों का आवागमन भी कार्यक्रम समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगा।
रात 11 बजे से नो एंट्री
16 और 17 अगस्त की रात 11 बजे से महानगर आगरा में खुलने वाली नो एंट्री नहीं खुलेगी। यह व्यवस्था रात में जारी रहेगी। साथ ही 16 अगस्त शाम चार बजे से 18 अगस्त को कार्यक्रम समाप्ति तक पहले से जारी किए गए नो एंट्री पास और अनुमति पत्र निरस्त रहेंगे।
आपातकालीन वाहनों को रास्ता
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और नागरिकों से निर्धारित डायवर्जन रूट व वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है। कांवड़ियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। आपातकालीन चिकित्सा और फायर सर्विस वाहनों को सुगम मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा। यातायात संबंधी सहायता या आपात स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम हेल्पलाइन 9454457886 पर संपर्क किया जा सकता है।
