Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Weather Update: ब्रज में आफत लेकर आई आंधी, फिरोजाबाद में दो की मौत; कई जगह गिरे पेड़ और टीन शेड

    Updated: Sat, 12 Apr 2025 08:50 AM (IST)

    Agra Zone Weather Update ब्रज क्षेत्र में धूल भरी आंधी ने जमकर तबाही मचाई है। आगरा मथुरा फिरोजाबाद मैनपुरी एटा और कासगंज में आंधी से पेड़ उखड़ गए बिजल ...और पढ़ें

    शुक्रवार को आई तेज आंधी से एमडी जैन ग्राउंड में गिरा पंडाल।जागरण
    शुक्रवार को आई तेज आंधी से एमडी जैन ग्राउंड में गिरा पंडाल।जागरण

    HighLights

    1. पश्चिमी विक्षोभ के असर से 67 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली धूल भरी आंधी
    2. रात आठ बजे के बाद बदला मौसम
    3. खंभे उखड़ने से शहर से देहात तक बिजली आपूर्ति ठप

    जागरण संवाददाता, आगरा/फिरोजाबाद। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान से उठा रेत का बवंडर ब्रज में धूल भरी आंधी लेकर आया। आगरा के साथ ही मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा और कासगंज में आंधी आफत लेकर आई। एक घंटे में ही जगह-जगह तबाही मच गई। तमाम पेड़ और होर्डिंग्स गिर गए। बिजली के खंभे धराशाई होने से शहरी क्षेत्र से लेकर देहात तक आपूर्ति भंग हो गई। फिरोजाबाद में दो की मौत हो गई।

    आगरा के एमडी जैन इंटर कॉलेज में चल रहे भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव में पंडाल गिरने से चार लोग घायल हो गए। टिन शेड गिरने से एक महिला घायल हो गई। एत्मादपुर के गढ़ी रामी में शनिवार को होने जा रहे रक्त स्वाभिमान सम्मेलन के लिए लगाए गए टेंट भी उखड़ गए। मथुरा के मांट में दीवार गिरने से दो भैंस मर गईं। किसानों की गेहूं की फसल को इससे नुकसान पहुंचा है। खेतों में पड़ा भूसा उड़ गया। गेहूं दाना काला पड़ने की आशंका है।

    आगरा में शुक्रवार शाम 7.30 बजे के बाद मौसम अचानक बदल गया। राजस्थान की तरफ से चली धूल भरी आंधी से अफरा तफरी मच गई। रात आठ बजे अधिकतम 67 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चली धूल भरी आंधी में पेड़ जड़ से उखड़ गए, होर्डिंग टूट कर गिए गए, लोग सुरक्षित स्थान की तरफ भागने लगे। पेड़ों के बिजली के तारों पर टूट कर गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब 30 मिनट तक 50 से 67 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से धूल भरी आंधी चली।

    शुक्रवार को आई तेज आंधी के चलते एमजी रोड पर गिरे होडिंग l जागरण

    शहर में सड़कों पर गिरे होर्डिंग्स

    शहर में जगह जगह हनुमान जन्मोत्सव और आवास विकास कॉलोनी में भीम नगरी आयोजन के होर्डिंग लगे हुए थे, होर्डिंग टूट कर सड़कों पर गिर गए। कई जगह यातायात भी बाधित रहा। रात नौ बजे बादलों की गरज चमक के साथ कई क्षेत्रों में वर्षा हुई। देहात में फसल और भूसा आंधी में उड़ गया। खेरागढ़ में 30 से ज्यादा बिजली के खंभे उखड़ गए।

    खबरें और भी

    मथुरा में बिजली आपूर्ति बंद कर दी

    मथुरा में आंधी में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। शहरी क्षेत्र में जगह-जगह लगे होर्डिंग एवं टिन शेड उखड़कर सड़क पर आ गिरे। कई लोग बाल-बाल बचे। करीब आधा घंटे तक आंधी चली, उसके बाद वर्षा शुरू हो गई। तेज हवा के साथ झमाझम वर्षा से निचले क्षेत्र में पानी भर गया। सड़कों पर आवागमन प्रभावित हो गया। कई जगह पेड़, बिजली के खंभे टूट गए। इसके कारण संबंधित क्षेत्र में रातभर अंधेरा रहा। आंधी वर्षा से खेतों में खड़ी एवं कटी पड़ी गेहूं एवं सरसों की फसल में सर्वाधिक नुकसान बताया जा रहा है।

    फिरोजाबाद में दो की मौत

    फिरोजाबाद में शुक्रवार रात दस बजे आई तेज आंधी से जसराना के गांव नगला पाण्डेय में 70 वर्षीय रामभरोसे के ऊपर टीन शेड गिर गया। उनकी मृत्य हो गई। वहीं नारखी में घर की ओर जा रहे 30 वर्षीय बंटू पर पेड़ टूटकर गिर गया। उसने मौके पर ही दम तोड दिया। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। फिरोजाबाद में करीब एक घंटे तक पूरा शहर अंधेरे में डूबा रहा। मैनपुरी, एटा और कासगंज में भी आंधी के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई। टीमें देर रात तक फाल्ट ढूंढने में लगी थी। हालांकि रात में तापमान में गिरावट आ गई।

    ये भी पढ़ेंः UP Weather today: लखनऊ समेत 40 से अधिक जिलों में आज बारिश और वज्रपात का अलर्ट, पढ़िए IMD का ताजा अपडेट

    ये भी पढ़ेंः यूपी के इस जिले में 11 साल बाद 400 पुलिसकर्मियों के तबादले, ADG की रिपोर्ट ने मचाई खलबली; बॉर्डर स्कीम की पोल खुली