आगरा पुलिस ने एनकाउंटर में दबोचे दो लुटेरे, 6 बड़ी वारदातों का खुलासा
फतेहाबाद में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार किए गए, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। ...और पढ़ें

मुठभेड़ करने वाली पुलिस टीम।
HighLights
फतेहाबाद में पुलिस मुठभेड़ में दो लुटेरे पकड़े गए
एक बदमाश के पैर में गोली लगी, अस्पताल भेजा गया
लूट की छह बड़ी वारदातों का पर्दाफाश हुआ
जागरण संवाददाता, आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट के 18 हजार रुपये, पीली व सफेद धातु के जेवरात, दो तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक 20 जुलाई की रात एक व्यक्ति अपने रिश्तेदार की शादी से लौट रहा था, तभी अपाचे और स्प्लेंडर बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसका पर्स लूट लिया था।
इस संबंध में थाना फतेहाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दबोचे गए
शनिवार 6 सितंबर को पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर ने सूचना दी कि लुटेरे धिमश्री की ओर से फतेहाबाद आ रहे हैं। पुलिस ने हुसैनपुरा तिराहे पर घेराबंदी की। बाइक पर आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी फायरिंग में वीकेश पुत्र धर्मवीर निवासी फकीर की मढ़ैया, थाना बलरई इटावा के पैर में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया, जबकि दूसरे साथी सोनू वर्मा उर्फ लुक्का उर्फ सनी निवासी बमरई, थाना निबोहरा को मौके से पकड़ लिया गया।
एक महीने में कीं कई वारदातें, जेवरात औने-पौने दाम में बेचे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 20 जुलाई को एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर पर्स लूटा था। इसके अलावा अरनौटा पुल के पास दिन में एक महिला के कान से कुंडल खींचे, आगरा-फतेहाबाद रोड पर कोल्ड स्टोर के पास स्कूटी सवार परिवार से और वाजिदपुर के पास स्कूल के समीप बाइक सवार दंपति से पर्स छीना। 30 अगस्त को भी वाजिदपुर में लूट की थी। लूटे गए कुछ जेवरात उन्होंने राह चलते लोगों को सस्ते में बेच दिए थे।
यह भी पढ़ें- UP Weather: आगरा में आज भारी बारिश का यलो अलर्ट, रातभर से जारी है बरसात; सोमवार से निकलेगी धूप
यह भी पढ़ें- मुंबई में मजदूरी करते मिला आगरा का लापता नेशनल टेबल टेनिस प्लेयर, सिगरेट मिलने पर डांट से भागा था
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त वीकेश पर फतेहाबाद में छिनैती के 6 मुकदमे और इटावा में मारपीट का मुकदमा दर्ज है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
