Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    60 करोड़ का मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम, 45 करोड़ का एडुटेनमेंट हब,105 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगी अलीगढ़ की तस्वीर

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 03:23 PM (IST)

    नगर निगम ने 'वाइब्रेंट अलीगढ़' अभियान के तहत 105 करोड़ रुपये की दो बड़ी परियोजनाओं - मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम और एडुटेनमेंट हब - का खाका प्रस्तुत किया ...और पढ़ें

    अलीगढ़ में 105 करोड़ के विकास कार्य मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम और एडुटेनमेंट हब से बदलेगी शहर की तस्वीर

    अलीगढ़ में 105 करोड़ के विकास कार्य मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम और एडुटेनमेंट हब से बदलेगी शहर की तस्वीर

    HighLights

    1. 'वाइब्रेंट अलीगढ़' अभियान के तहत दो बड़ी परियोजनाएं प्रस्तुत

    2. 60 करोड़ का मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम, 45 करोड़ का एडुटेनमेंट हब

    3. शहर के विकास हेतु विभिन्न वर्गों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त

    जागरण संवाददाता, अलीगढ़। शहर को आधुनिक, स्वच्छ, व्यवस्थित व भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में नगर निगम ने शुक्रवार को बड़ा कदम बढ़ाया। 'वाइब्रेंट अलीगढ़' अभियान के तहत पहली बार शहर के व्यापारी, उद्योगपति, शिक्षाविद, चिकित्सक, अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि व जनप्रतिनिधि एक मंच पर जुटे।

    जीटी रोड स्थित होटल फार्च्यून पार्क में आयोजित 'समन्वय, सहयोग एवं संवाद' कार्यक्रम में शहर के विकास का विजन साझा किया गया। इस दौरान नगर निगम ने 105 करोड़ रुपये की दो महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का खाका भी प्रस्तुत किया। इसमें 60 करोड़ का मल्टी स्पोर्ट्स स्टेडियम व 45 करोड़ का एडुटेनमेंट हब शामिल हैं। इन्हें शहर के विकास की नई पहचान माना जा रहा है। भारी बरसात के बावजूद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।

    'वाइब्रेंट अलीगढ़' कार्यक्रम में 105 करोड़ की दो बड़ी परियोजनाओं का रोडमैप तैयार

    कार्यक्रम का शुभारंभ ''वाइब्रेंट अलीगढ़'' पर आधारित लघु फिल्म के प्रदर्शन से हुआ। इसमें नगर निगम की वर्तमान उपलब्धियों, प्रस्तावित विकास योजनाओं व नागरिक सहभागिता की आवश्यकता को दर्शाया गया। इसके बाद नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने शहर के विकास का विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत किया। सबसे प्रमुख परियोजना बरौला बाईपास रोड स्थित फिरदौस नगर में लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला मल्टी-स्पोर्ट आउटडोर स्टेडियम एवं कन्वेंशन सेंटर रही।

    करीब 4.1 हेक्टेयर (41 हजार वर्गमीटर) क्षेत्रफल में बनने वाले इस आधुनिक परिसर में 400 मीटर का डबल लेन एथलेटिक्स ट्रैक, अंतरराष्ट्रीय मानकों का आउटडोर स्टेडियम, आधुनिक दर्शक दीर्घाएं, अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर, बहुउद्देश्यीय हाल, वीआइपी लाउंज, ग्रीन रूम, कंट्रोल रूम, प्रशासनिक एवं खेल प्रबंधन कार्यालय, कैफेटेरिया, रिटेल कियोस्क, खिलाड़ियों के प्रतीक्षालय व विश्राम कक्ष सहित अन्य व्यावसायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

    खबरें और भी


    विकास की नई योजना तैयार करने का लिया निर्णय

    नगर निगम का दावा है कि यह परियोजना शहर के युवाओं को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बड़े सांस्कृतिक, सामाजिक और व्यावसायिक आयोजनों का भी केंद्र बनेगी तथा निगम के लिए दीर्घकालिक राजस्व का नया स्रोत तैयार करेगी।

    दूसरी बड़ी परियोजना क्वारसी क्षेत्र में 45 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 'अलीगढ़ इंटीग्रेटेड एडुटेनमेंट, इनोवेशन एंड अर्बन ग्रीन हब' है। लगभग 3.7 हेक्टेयर (37 हजार वर्गमीटर) क्षेत्रफल में विकसित होने वाला यह मिश्रित उपयोग (मिक्स्ड यूज) परिसर मनोरंजन, नवाचार, शिक्षा, हरित वातावरण और व्यावसायिक गतिविधियों का एकीकृत केंद्र होगा। यहां एक समय में पांच हजार से अधिक लोगों के उपयोग की क्षमता विकसित करने का प्रस्ताव है।

    व्यापारियों से मांगे सुझाव

    बैठक में शहर के समग्र विकास को लेकर विभिन्न वर्गों से सुझाव भी लिए गए। व्यापारियों और नागरिकों ने अलीगढ़ को ''जीरो वेस्ट सिटी'' बनाने, घर-घर कूड़ा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी रोक और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चरणबद्ध ढंग से करने, बाजारों में बेहतर पार्किंग व्यवस्था विकसित करने तथा फुटपाथों को आम नागरिकों के लिए सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया।

    साथ मिलकर अभियान चलाने का भरोसा

    व्यापारिक संगठनों ने नगर निगम के साथ मिलकर अभियान चलाने का भरोसा भी दिया। सुंदरीकरण को लेकर प्रमुख चौराहों, पार्कों, ऐतिहासिक स्थलों और शहर के प्रवेश द्वारों को आकर्षक बनाने, हरित पट्टी विकसित करने और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने के सुझाव सामने आए। पर्यावरण संरक्षण के तहत वर्षा जल संचयन, तालाबों के संरक्षण, भूजल स्तर सुधारने तथा औद्योगिक क्षेत्रों में पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन कराने पर भी चर्चा हुई।

    यह भी पढ़ें- फूल-मालाएं, खुली जीप और ढोल-नगाड़े ... सांसद पप्पू यादव पर जूता फेंकने के आरोपितों का स्वागत

    उज्जवल भविष्य का संकल्प है कार्यक्रम: मेयर

    उद्योगपतियों ने नगर निगम के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा कारपोरेट सोशल रिस्पान्सिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से पार्कों के विकास, पौधारोपण व सार्वजनिक सुविधाओं में सहयोग देने की इच्छा जताई। मेयर प्रशांत सिंघल ने कहा कि ''वाइब्रेंट अलीगढ़'' केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहर के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों के सुझावों के आधार पर विकास की दिशा तय करेगा और जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं अतिक्रमण मुक्त अलीगढ़ का निर्माण संभव होगा।

    यह भी पढ़ें- कौन हैं 'फ्लाइंग कार' बनाने वाले अल्मोड़ा के रवि टम्टा? 20 की उम्र में बनाया हेलीकॉप्टर, 12 साल पुराना सपना किया पूरा

    नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि नगर निगम नागरिकों की सहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। कार्यक्रम में प्राप्त प्रत्येक सुझाव का गंभीरता से परीक्षण कर उन्हें आगामी कार्ययोजनाओं में शामिल किया जाएगा। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की घोषणा की।

    यह हुए शामिल

    कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक गोविंद, मानव महाजन, पंकज धीरज, विवेक बगाई, रामबाबू माहेश्वरी, डाक्टर भरत कुमार वार्ष्णेय, संजीव कुमार, यतेन्द्र वार्ष्णेय, एमए खान, अनिल सारस्वत, कृष्णा गुप्ता, विष्णु कुमार बंटी, प्रदीप गंगा, शैलेन्द्र टिल्लू, राजीव जैन, दिनेश कुमार अग्रवाल एडवोकेट समेत बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति, सामाजिक संगठन, पार्षद और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।