Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अलीगढ़ में खूनी रंजिश में घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचे बाप-बेटे

    By Ajit Kumar Sharma Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Sat, 04 Apr 2026 07:11 PM (IST)

    अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के फौजुआका गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। हमले में पिता तुहीराम और उनका बेटा भानु ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    HighLights

    1. पुरानी रंजिश में घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई।

    2. पुलिस ने मामला दर्ज किया, आरोपी अभी भी फरार।

    संवाद सूत्र, जट्टारी (अलीगढ़)। थाना टप्पल क्षेत्र के ग्राम फौजुआका में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने एक घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। हमले में पिता-पुत्र बाल-बाल बच गए। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

    घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जिससे स्वजनों में भय व्याप्त है।

    पीड़ित तुहीराम पुत्र तारा सिंह के अनुसार, बीती 2 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे उनके दामाद रामधुन उर्फ रामू और भाई टेकराम निवासी ग्राम रायपुर, थाना नौहझील (जनपद मथुरा) ने उनके बेटे भानुप्रताप को फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी।

    आरोप है कि करीब 9:20 बजे रामू अपने 10-12 साथियों के साथ आधा दर्जन बाइकों व स्कूटी पर सवार होकर उनके घर पहुंचा। पहले बाहर खड़े होकर करीब तीन राउंड फायरिंग की गई, इसके बाद 5-6 हमलावर “मारो-मारो” चिल्लाते हुए घर में घुस आए और अंदर भी कई राउंड गोलियां चलाईं।

    फायरिंग के दौरान तुहीराम और उनका बेटा भानुप्रताप किसी तरह छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

    घटना की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें हमलावर हथियार लहराते और फायरिंग करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पीड़ित ने थाना टप्पल में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    खबरें और भी