अलीगढ़ में हिस्ट्रीशीटर का ऐलान, एसएसपी या डीएसपी के पास जा... छोडूंगा नहीं; ऑडियो वायरल होने पर भेजा जेल
अलीगढ़ में हिस्ट्रीशीटर यश उर्फ कान्हा को एक युवक को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। धमकी का ऑडियो सोशल ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। हिस्ट्रीशीटर यश उर्फ कान्हा की दबंगई क्षेत्र में किस तरह की चलती है पुलिस भी जान गई। आरोपित ने युवक को फोन पर गाली गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। कहा, 24 घंटे में जान से मार दूंगा। ये गारंटी है। तेरे घर आ रहा हूं। युवक ने कहा कि रिकॉर्डिंग एसएसपी को भेज दी है। इस पर उसने कहा, तू एसएसपी के पास जा या डीएसपी के छोड़ूंगा नहीं।
बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ प्रथम संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि तीन अगस्त को हिस्ट्रीशीटर यश उर्फ कान्हा ने सराय सुल्तानी निवासी अर्जुन को फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित ने सासनी गेट थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
तहरीर के आधार पर थाना सासनी गेट में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने एटा चुंगी पर किराए पर रह रहे हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित थाना सासनी गेट का हिस्ट्रीशीटर 32ए है। उसके खिलाफ सासनी गेट, गांधी पार्क और कोतवाली नगर समेत विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, गैंगस्टर एक्ट व अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पहले आरोपित सासनी गेट क्षेत्र में रहता था। पीड़ित को वह पहले से जानता है। दोनों के बीच लेन देने को लेकर विवाद भी चल रहा था।