अलीगढ़ के टिकन्ना दांतों से कार खींचकर निकले वृंदावन, संत प्रेमानंद के दर्शन के लिए अनोखी यात्रा
अलीगढ़ के जट्टारी स्थित छजूपुर गांव के नरेंद्र उर्फ टिकन्ना ने संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए दांतों से कार खींचते हुए वृंदावन की 15 दिवसीय यात् ...और पढ़ें

संत प्रेमानंद के दर्शन को निकले नरेंद्र उर्फ टिकन्ना का स्वागत करते लोग।
HighLights
संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन का संकल्प।
15 दिन में पूरी होगी यह अनोखी यात्रा।
संवाद सूत्र, जट्टारी (अलीगढ़)। राधा नाम जप का संदेश देने वाले संत प्रेमानंद के दर्शन की आस लिए एक अनुयायी ने अलग ही रास्ता चुना है। गांव छजूपुर निवासी नरेंद्र उर्फ टिकन्ना ने आस्था और अद्भुत शारीरिक क्षमता का अनोखा उदाहरण पेश किया है।
नरेंद्र अपने दांतों से कार खींचते हुए 15 दिन में वृंदावन स्थित संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने के लिए रवाना हुआ है। उसकी इस अनोखी यात्रा को देखने के लिए गांव में भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मंगलवार को गांव छजूपुर से नरेंद्र की यात्रा की शुरुआत हुई। इस दौरान ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया और डीजे के साथ जुलूस निकालकर उसे विदा किया। यात्रा शुरू होने से पहले धार्मिक अनुष्ठान भी कराया गया।
नरेंद्र उर्फ टिकन्ना ने बताया कि वह लंबे समय से संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने की इच्छा रखता था। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए उसने यह अनोखा तरीका चुना है। वह प्रतिदिन तय दूरी पूरी करते हुए करीब 15 दिन में वृंदावन पहुंचेगा।
ग्रामीणों के अनुसार, नरेंद्र उर्फ टिकन्ना पहले भी इस तरह के हैरतअंगेज करतब दिखाता रहा है। वह दांतों और मुंह की ताकत से ट्रैक्टर, कंटेनर, स्कूली बस समेत भारी वाहनों को खींचकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करता है।
उसके इन करतबों के वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल होते रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नरेंद्र का यह प्रयास जहां उसकी आस्था को दर्शाता है, वहीं युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी है।
इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने उसकी सुरक्षित व सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।