अलीगढ़ में सपा छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष गिरफ्तार, हथकड़ी लगाकर कोर्ट ले गई पुलिस; जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर किया था प्रदर्शन
सपा छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष मोहसिन मेवाती को जौहर विश्वविद्यालय प्रदर्शन मामले में दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उन्हें हथकड़ी लगाकर कोर्ट ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। जौहर विश्वविद्यालय के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण के विरोध में 24 जुलाई को कलक्ट्रेट पर हुए सपा के प्रदर्शन व हंगामे के दौरान पुलिस ने अभद्रता व धक्का-मुक्की करने के मामले में नामजद छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष मोहसिन मेवाती को सिविल लाइंस पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सपा नेता को दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद अलीगढ़ लाकर सीजेएम न्यायालय में पेश किया गया। यहां जमानत मिल गई। सपा नेता को पुलिस थाने से हथकड़ी लगाकर ले गई। इस पर भी सियासत शुरू हो गई है। सिविल लाइंस पुलिस के मुताबिक मोहसिन मेवाती के खिलाफ कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान सरकारी कार्य में बाधा, बलवा व अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे में कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी के लिए सिविल लाइंस थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस ने बताया कि आरोपित को नई दिल्ली के मालवीय नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। 24 जुलाई को जौहर विश्वविद्यालय के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण के विरोध में समाजवादी पार्टी ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया था। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की व हंगामा हुआ था।
पुलिस ने इस मामले में आठ नामजद व 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान सिविल लाइंस इंस्पेक्टर के साथ भी धक्का-मुक्की हुई थी। इस मामले गोपाल बघेल सहित दो लोगों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार मोहसिन मेवाती के खिलाफ इस मुकदमे के अलावा कोविड-19 महामारी व आपदा अधिनियम से जुड़े पांच अन्य मुकदमे भी पूर्व से दर्ज हैं।
खबरें और भी
स्वजन का हंगामा, संगठन पर साथ न देने का आरोप
मोहसिन मेवाती की गिरफ्तारी के बाद उनके स्वजन ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया। दीनदयाल अस्पताल में इसको लेकर हंगामा भी किया। स्वजन ने समाजवादी पार्टी के संगठन पर भी समय पर सहयोग नहीं देने की बात कही है। स्वजन का कहना है कि पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान मोहसिन मेवाती के साथ मारपीट की। हथकड़ी में ले जाया गया।
संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सूचना देने के बावजूद समय पर कोई नहीं पहुंचा। जब तक पार्टी के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक पुलिस मोहसिन को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई पूरी कर चुकी थी। हंगामे के दौरान सपा नेता अज्जू इशहाक, जिला महासचिव मनोज यादव व महानगर अध्यक्ष भी स्वजन को समझाते नजर आए थे। बसपा नेता सलमान शाहिद भी पहुंचे। इसकी वीडियो भी प्रसारित हो रहा है।
शिवपाल यादव से शिकायत
सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष बाबा फरीद ने कहा है कि छात्र नेता मोहसिन मेवाती को हथकड़ी लगाना दुखद एवं चिंताजनक है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव को इसकी जानकारी दे दी है।
संगठन ने पूरी मदद की है। एक युवक ने पार्टी को बदनाम करने की नीयत से स्वजन को भड़का दिया था। इस पर स्वजन आरोप लगा रहे थे। बात में उनका भ्रम खत्म हो गया।
अब्दुल हमीद घोषी, महानगर अध्यक्ष सपा