Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अलीगढ़ में बनेगा 45 किमी लंबा रिंग रोड, गाजियाबाद और कानपुर जाने वाले अब नहीं फंसेंगे ट्रैफिक जाम में

    By Krishna Chandra Dargarh Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Tue, 28 Apr 2026 11:56 PM (GMT+05:30)

    अलीगढ़ में 45 किलोमीटर लंबा नया रिंग रोड बनाया जाएगा, जो गाजियाबाद और कानपुर के बीच यातायात को सुगम बनाएगा। इसका डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) NHAI ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, अलीगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 34 पर गाजियाबाद से कानपुर को उत्तरी दिशा में जोड़ने के लिए गभाना टोल से लेकर अकराबाद के कीरतपुर टोल तक 45 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनाया जाएगा।

    भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) द्वारा डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी है। एलाइनमेंट एप्रूवल कमेटी (एएएसी) की मुहर लगने के बाद इस पर निर्माण की आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

    यह रिंग रोड गांव, कस्बा, नगर पालिका की आबादी से दूर खेतों में होकर निकाला जाएगा। रिंग रोड के बनने से कानपुर और गाजियाबाद की ओर से आने जाने वाले लोग बाहर से ही निकल जाएंगे।

    शहर में रिंग रोड बनाने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। इस समय 2014 में भांकरी से नादा पुल होते हुए बौनेर तिराहे तक लगभग 20 किलोमीटर का बाइपास रिंग रोड के रूप में काम कर रहा है।

    जबकि रिंग रोड को पूरा करने के लिए इसके दूसरे हिस्से को बनाने के लिए पूर्व में बने प्रस्ताव आबादी क्षेत्र और रेलवे लाइनों के बीच में आने के कारण निरस्त कर दिए गए।

    अब नए सिरे से दिसंबर 2025 में अधूरे रिंग रोड को पूरा करने के लिए डीपीआर बनाने का काम शुरू किया गया। सेटेलाइट सर्वे के माध्यम से यह कार्य पूरा कराया गया है।

    यह रिंग रोड गभाना टोल के पास से शुरू होकर ब्लाक जवां, धनीपुर में होते हुए हवाई अड्डे के पिछले हिस्से से होकर अकराबाद में कीरतपुर टोल के पास जाकर एनएच 34 से जाकर मिलेगा।

    विभाग के अनुसार इस रिंग रोड के दायरे में गभाना और अकराबाद टोल आएंगे। गाजियाबाद की ओर से आने वाले वाहन गभाना और अकराबाद टोल से होकर ही कानपुर की ओर जा सकेंगे।

    इसी प्रकार कानपुर से आने वाले वाहनों को अकराबाद और गभाना टोल से होकर दिल्ली जाना होगा।

    ये होंगे फायदे

    अब तक कानपुर की ओर से गाजियाबाद जाने वाले वाहनों को बौनेर होकर भांकरी होते हुए गभाना होकर जाना पड़ता है। रिंग रोड का दूसरा हिस्सा बनने से कानपुर की ओर से आने वाले वाहन अकराबाद टोल से सीधे गभाना की ओर निकल जाएंगे।

    इसी प्रकार गाजियाबाद से कानपुर की ओर जाने वाले वाहन गभाना टोल के पास से सीधे अकराबाद टोल के पास हाईवे से होकर कानपुर की ओर निकल जाएंगे।

     

    गभाना टोल से अकराबाद टोल तक बनने वाले रिंग रोड की डीपीआर बनाकर मुख्यालय भेज दी गई है। अभी वहां की मंजूरी नहीं मिली है। मंजूरी के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
    अजित यादव, परियोजना निदेशक