ताला-हार्डवेयर के साथ नए उद्योगों से भी चमक रहा अलीगढ़, उद्योग योद्धाओं का सम्मान
अलीगढ़ में भारतीय उद्योग संघ द्वारा आयोजित 'उद्योग योद्धा पुरस्कार' समारोह में 14 उद्यमियों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि अलीगढ़ का औद्यो ...और पढ़ें

‘उद्योग योद्धा पुरस्कार’ समारोह में सम्मानित हुए उद्यमियों के साथ डीएम अविनाश कुमार व अन्य। जागरण
HighLights
14 उद्यमियों को 'उद्योग योद्धा पुरस्कार' से सम्मानित किया गया।
अलीगढ़ का औद्योगिक दायरा अब कई नए क्षेत्रों में फैला।
उद्योग शहर की आर्थिक प्रगति की मजबूत आधारशिला हैं।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। ताला-हार्डवेयर की पारंपरिक पहचान वाले अलीगढ़ का औद्योगिक दायरा अब तेजी से विस्तार ले रहा है। स्प्रिंग, केमिकल, खाद्य, आतिथ्य, वाहन, पैकेजिंग और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भी शहर के उद्यमियों ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। औद्योगिक विकास में योगदान देने वाले ऐसे ही 14 उद्यमियों और उद्योगपतियों को शनिवार को ‘उद्योग योद्धा पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
भारतीय उद्योग संघ (आईआईए), अलीगढ़ चैप्टर की ओर से द पैलेस, सिटी सेंटर माल, सेंटर प्वाइंट पर शनिवार को आयोजित द्वितीय ‘उद्योग योद्धा पुरस्कार’ समारोह में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सम्मान प्रदान किए। उन्होंने सम्मानित उद्यमियों को बधाई देते हुए कहा कि उद्योग किसी भी शहर और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति की मजबूत आधारशिला होते हैं।
उद्यमियों के प्रयासों से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और क्षेत्र की औद्योगिक पहचान मजबूत होती है। ऐसे आयोजन उद्योग जगत की उपलब्धियों को सामने लाने के साथ नई पीढ़ी को उद्यमिता के लिए प्रेरित करते हैं। कारोबारियों को मशीन लर्निंग का उपयोग करते हुए उत्पादन क्षमता बढ़ानी चाहिए।
कारोबारियों ने कहा कि अलीगढ़ की औद्योगिक पहचान अब केवल ताला और हार्डवेयर तक सीमित नहीं है। यहां के उद्यमी नए क्षेत्रों में निवेश और नवाचार के जरिए उद्योगों का विस्तार कर रहे हैं।
इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ अलीगढ़ की औद्योगिक पहचान देश-विदेश में और मजबूत हो रही है। आईआईए अलीगढ़ चैप्टर के डिविजनल चेयरमैन मनीष बंसल ने आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला।
आपसी नेटवर्क बढ़ाने पर जोर
समारोह में तीन पैनल डिस्कशन भी हुए। पहले पैनल युवाओं के लिए रखा गया। जिन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में हो रहे बदलाव और एआई पर जोर दिया। दूसरे पैनल डिस्कशन में वरिष्ठ उद्योगपति शामिल हुए। उद्योगपति स्पनिल जैन ने कहा कि कारोबारियों को आपस में नेटवर्क बढ़ाने की जरूरत है, ताकि सूचनाओं का आदान-प्रदान आसानी से किया जा सके।
खबरें और भी
कारोबारी विजय बजाय ने कहा कि उद्योगों को और आधुनिक होना होगा, तभी विदेशी बाजार में अपने उत्पादन को अच्छे से प्रस्तुत कर सकेंगे। भिखारी दास ने कहा कि ग्लोबल मार्केट को सुदृढ़ बनाने और विनोद गर्ग रामाडा ने टूरिज्म को बढ़ावा देने पर बल दिया।
इन उद्योगपतियों को मिला सम्मान
समारोह में प्रिसीजन स्प्रिंग्स के स्वर्गीय वीपी बंसल को ‘स्प्रिंग उद्योग के अग्रदूत एवं उत्कृष्ट विरासत सम्मान’, बजाज समूह के विजय बजाज को ‘जीवनपर्यंत उपलब्धि सम्मान’ और हैरिसन के उमंग मोंगा को ‘अलीगढ़ के गौरव प्रतिनिधि सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
जिया श्री कोटिंग्स के किशन अग्रवाल को रासायनिक उद्योग, मीटी स्टोरीज के आयुष गर्ग को खाद्य उद्योग और होटल रामाडा के विनोद गर्ग को आतिथ्य उद्योग के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मान दिया गया।
औद्योगिक आधारभूत संरचना के विकास में योगदान के लिए अलीगढ़ प्लेज पार्क एवं उमा एक्सपोर्ट के राकेश अग्रवाल, निर्माण क्षेत्र में शेखर समूह के सुमित सराफ, वाहन उद्योग में पावना समूह के स्वप्निल जैन, पैकेजिंग उद्योग में उप्पल जी तथा रक्षा उद्योग में नित्या क्रिएशन इंडिया के नवनीत वार्ष्णेय को सम्मानित किया गया।
ताला-हार्डवेयर उद्योग के लिए भी विशेष सम्मान
अलीगढ़ की औद्योगिक पहचान के प्रमुख आधार ताला एवं हार्डवेयर उद्योग में योगदान देने वाले उद्यमियों को भी विशेष सम्मान मिला। कोणार्क लाक्स के बीडी गुप्ता को घरेलू बाजार और आरएमआई समूह के राजीव अग्रवाल को निर्यात क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
वहीं, उद्योग जगत की नई पीढ़ी को प्रोत्साहित करने के लिए वुल्फ एंटरप्राइजेज के नवीन बृजवासी को ‘उद्योग के उभरते सितारे’ सम्मान प्रदान किया गया। इसके अलावा विशेष योगदान के लिए विशेष चयन सम्मान भी प्रदान किए गए।
ये भी रहे मौजूद
चैप्टर चेयरपर्सन आलोक झा, सचिव आदित्य बजाज समेत अतुल अग्रवाल, मोहित गुप्ता, मनोज कुमार अग्रवाल, मुकेश कुमार जिंदल, विकास जैन, अजय पटेल, जितेंद्र गोयल, वरुण गर्ग, मधुकेश जिंदल, पारस अग्रवाल, संभव जैन, हर्षित राजा और पीयूष अग्रवाल आदि मौजूद रहे।