अलीगढ़ एसएसपी की कार्रवाई: रेप पीड़िता की शिकायत न सुनने पर गिरी गाज, इंस्पेक्टर सहित 2 लाइन हाजिर
अलीगढ़ में एसएसपी नीरज जादौन ने छर्रा कोतवाली प्रभारी और कस्बा चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर किया है। एक पर ...और पढ़ें

अलीगढ़ डीएम और एसएसपी।
HighLights
एसएसपी नीरज जादौन ने दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया
इंस्पेक्टर पर दुष्कर्म की शिकायत दर्ज न करने का आरोप लगा
चौकी प्रभारी पर विधायक से चौकीदार हिरासत विवाद के कारण कार्रवाई
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। छर्रा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार योगी और कस्बा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार को अलग-अलग मामलों में एसएसपी नीरज जादौन ने लाइन हाजिर कर दिया है। इंस्पेक्टर पर दुष्कर्म की शिकायत के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं करने का आरोप है, जबकि चौकी प्रभारी पर एटीएम से छेड़छाड़ के मामले की जांच के दौरान भाजपा विधायक रवींद्र पाल सिंह के फार्महाउस के चौकीदार को हिरासत में लेने और विधायक से विवाद होने का मामला सामने आया है।
छर्रा क्षेत्र में 15 अगस्त के आसपास एक किशोरी के साथ दुष्कर्म की शिकायत सामने आई थी। आरोप है कि किशोरी की मां जिस घर में काम करती थी, वहीं उसके साथ घटना हुई। पीड़िता ने छर्रा थाने पहुंचकर शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं होने का आरोप है। इसके बाद वह एसएसपी कार्यालय पहुंची और प्रार्थना पत्र दिया। वहां से कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं होने की बात कही गई है।
गुरुवार को पीड़िता की मां ने एसएसपी नीरज जादौन से दोबारा मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार योगी को लाइन हाजिर कर दिया।
विधायक के चौकीदार को हिरासत में लेने पर विवाद
दूसरा मामला कस्बा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार से जुड़ा है। वह एटीएम से छेड़छाड़ के मामले की विवेचना कर रहे थे। इसी सिलसिले में उन्होंने गुरुवार सुबह भाजपा विधायक रवींद्र पाल सिंह के फार्महाउस पर तैनात चौकीदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था।
यह भी पढ़ें- घी के 153 नमूनों की जांच में 56 फेल: उपभोक्ता घी खरीदते समय बरतें सावधानी, अलीगढ़ में FSDA की अपील
इसकी जानकारी मिलने पर विधायक ने चौकी प्रभारी से बात की। इस दौरान दोनों के बीच बहस होने की बात सामने आई है। विधायक ने एसएसपी से शिकायत कर चौकीदार का एटीएम से छेड़छाड़ की घटना से संबंध नहीं होने की बात कही। साथ ही दारोगा के व्यवहार पर भी आपत्ति जताई। इसके बाद एसएसपी ने देर रात चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार को भी लाइन हाजिर कर दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।