सावन के तीसरे सोमवार पर अलीगढ़ में ट्रैफिक डायवर्जन: बाईपास से जाएंगी रोडवेज बस, भारी वाहनों की NO Entry
श्रावण के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को अलीगढ़ में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर यातायात पुलिस ने व्यापक ...और पढ़ें

फाइल।
HighLights
अलीगढ़ में श्रावण सोमवार पर यातायात डायवर्जन
भारी और व्यावसायिक वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित
रोडवेज बसों को बाईपास से गुजारा जाएगा, कई मार्ग बदले
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। श्रावण मास के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ और कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए यातायात पुलिस ने जिले में व्यापक डायवर्जन लागू किया है। शहर में भारी और कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर कई मार्गों पर प्रतिबंध रहेगा।
सारसौल चौराहे से नादा पुल होते हुए खैरेश्वर मंदिर तक, एटा चुंगी से दुबे पड़ाव होकर कंपनी बाग चौराहा तथा हरिदासपुर कट से खैरेश्वर चौराहे तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा। एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के वाहन प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।
दिल्ली-खुर्जा की ओर से आने वाले वाहन
- दिल्ली और खुर्जा की ओर से शहर व खैरेश्वर चौराहे की तरफ आने वाले भारी वाहनों को टोल गभाना से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन दौरऊ मोड़ से खैर, गौमत, जट्टारी होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे से मथुरा, आगरा व कानपुर की ओर जा सकेंगे।
- एटा-कानपुर की ओर जाने वाले वाहन खैर से इगलास, सासनी और सिकंदराराऊ होकर निकलेंगे।
खैर-टप्पल और मथुरा की ओर से आने वालों का मार्ग बदला
- खैर-टप्पल की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को खैर से गोंडा, इगलास और सोमना की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हल्के वाहनों को मूसेमऊ, जिरौली मोड़ और हरिदासपुर तिराहे से जीटी रोड की ओर भेजा जाएगा।
- मथुरा-इगलास की ओर से आने वाले भारी वाहनों को पुराने बाईपास स्थित मथुरा पेट्रोल पंप गंदानाला से वन चेतना केंद्र मडराक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
आगरा, कानपुर और एटा से आने वाले वाहनों पर भी रोक
आगरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सासनी गेट की तरफ प्रवेश नहीं मिलेगा। इन्हें एनएच-34 से होकर भेजा जाएगा। कानपुर और एटा की तरफ से आने वाले वाहन सिकंदराराऊ-हाथरस अथवा अकराबाद-नानऊ होते हुए सासनी, इगलास, गोंडा और खैर की ओर जा सकेंगे। इसके बाद गभाना होकर बुलंदशहर, गाजियाबाद और दिल्ली की तरफ जाने का मार्ग रहेगा।
रामघाट रोड पर भी डायवर्जन
अतरौली से अलीगढ़ शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को क्वार्सी चौराहे की तरफ नहीं आने दिया जाएगा। इन्हें अवंतीबाई चौराहा अतरौली से छर्रा, गंगीरी, अकराबाद और कासगंज की ओर भेजा जाएगा। बुलंदशहर-डिबाई से आने वाले भारी वाहनों को सुमेरा झाल से बरौली और गभाना की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- UP Weather: आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, लखनऊ सहित 40 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बरसात
सारसौल से नादा पुल तक चार पहिया वाहनों पर रोक
सारसौल चौराहे से नादा पुल और खैरेश्वर की तरफ भारी वाहनों के साथ सभी चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। खैर रोड या यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहन महरावल से जिरौली रोड होते हुए लोधा की ओर जा सकेंगे।
यह भी पढ़ें- सावन के तीसरे सोमवार पर आगरा में ट्रैफिक डायवर्जन, इन रास्तों पर रहेगी आवाजाही बंद
रोडवेज बसें बाईपास से चलेंगी
- बोनेर तिराहा, कमालपुर, आगरा चेंजर, मथुरा चेंजर, खैरेश्वर चौराहा और भांकरी से रोडवेज बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बसों को बाईपास से होकर गंतव्य तक भेजा जाएगा।
- अतरौली-रामघाट रोड से आने वाली रोडवेज बसें अवंतीबाई चौराहे से डायवर्ट होंगी।
- बुलंदशहर, डिबाई, पहासू और संभल की ओर से आने वाली बसें महेशपुर तिराहे तक आकर वापस लौटेंगी।
- इगलास जाने वाली निजी बसें मथुरा रोड स्थित गंदानाला पेट्रोल पंप चौराहे से, सासनी जाने वाली बसें वन चेतना केंद्र आगरा रोड तिराहे से और खैर जाने वाली निजी बसें हरिदासपुर तिराहा लोधा से संचालित की जाएंगी।
एसपी ट्रैफिक प्रवीण कुमार ने वाहन चालकों से डायवर्जन का पालन करने और निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
