कावंड़ियों की सुविधा के लिए रुका कार्य, 5 फरवरी से महाशिवरात्रि तक बंद रहेगा अलीगढ़ में सड़क निर्माण
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने अलीगढ़ में कांवड़ियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। महाशिवरात्रि तक रामघाट रोड पर चल रहे सड़क निर्माण का ...और पढ़ें

सीएम ग्रिड योजना के तहत किए जा रहे कार्याें का निरीक्षण करते नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा, साथ में अन्य स्टाफ। सौ. नगर निगम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। शहर में सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क व नाला निर्माण के कार्य कराए जा रहे हैं। रामघाट रोड मुख्य रूप से कांवड़ मार्ग है। यहां पर भी सीसी सड़क निर्माण किया जा रहा है।
शुक्रवार को नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने सड़क निर्माण का निरीक्षण कर कांवड़ियों की सहूलियत को देखते हुए कार्य को रोके जाने के निर्णय लिया है। पांच फरवरी से महाशिवरात्रि तक रामघाट रोड पर सड़क निर्माण का काम बंद रखा जाएगा। साथ ही जितनी सड़क बनी है उसको कांवड़ियों के लिए खोलने के निर्देश भी दिए हैं।
नगर आयुक्त ने कांवड़ियों की सुविधा के लिए उठाया कदम
नगर आयुक्त ने बताया कि क्वार्सी चौराहा से समद रोड मोड़ तक मार्ग को खोला जाएगा। ओएलएफ स्कूल के सामने वाली साइड से कांवड़ यात्रा सुगमतापूर्वक निकलेगी। महाशिवरात्रि के बाद तेजी से काम पूरा कराने पर जोर दिया जाएगा। रमेश विहार क्षेत्र में चल रहे सड़क व नाला निर्माण के काम को पांच फरवरी तक दाेगुनी क्षमता, अतिरिक्त निर्माण सामग्री व श्रमिकों के साथ गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश ठेकेदार फर्म को दिए गए हैं।
रामघाट रोड को समद रोड तिराहा तक खोल देने के निर्देश
स्वर्ण जयंती नगर में सड़क व नाला निर्माण का भी निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने बताया कि सीएम ग्रिड पैकेज-1, फेज-1 के तहत लगभग 17 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से वार्ड संख्या 33, 49, 53, 74 व 82 में रामघाट रोड पर मीनाक्षी पुल से क्वार्सी थाना तक 2.65 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
कांवड़ यात्रा के निर्धारित मार्गों पर निगम अधिकारियों द्वारा भौतिक सत्यापन कर व्यवस्थाओं का आंकलन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता बिजेन्द्र पाल, सहायक अभियंता अखंड प्रताप सिंह, एहसन रब, देशदीपक आदि मौजूद रहे।