सीएम योगी ने अंबेडकरनगर को दी सौगात, 706 करोड़ की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंबेडकरनगर में 706 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को त्रिशुल भेट करते कार्यकर्ता
HighLights
मुख्यमंत्री ने 706 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया।
आलापुर, जलालपुर, टांडा विधानसभा क्षेत्रों को मिला विकास का तोहफा।
सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना, विकास पर जोर दिया।
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोविंद साहब मठ परिसर में जैसे ही आलापुर, जलालपुर, टांडा विधानसभा के विकास की 706 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जनता ने जयश्रीराम के उद्घोष से उनका स्वागत कर आभार जताया।
सीएम जैसे ही विकास कार्य नहीं कराने के लिए विपक्षी दलों व दूसरे दलों के विधायकों को जिम्मेदार ठहराते, वैसे ही उन्हें पंडाल के सामने उपस्थित जनसमूह का करतलध्वनि से समर्थन मिलता। सही मौका देख मुख्यमंत्री भी सपा, कांग्रेस पर हमलावर हुए। कहा कि यहां के सपा के विधायकों की रुचि ही नहीं है। वे विकास के लिए उनसे मिलते ही नहीं। यह कार्य एमएलसी डा. हरिओम पांडेय, पूर्व सांसद रीतेश पांडेय व कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद करते हैं।
तीनों विधानसभाओं में कुल सात अरब छह करोड़ 81 लाख रुपये की लागत वाली 194 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास हुआ। इसमें पांच अरब 60 करोड़ रुपये की 158 परियोजनाओं का लोकार्पण व एक अरब 46 करोड़ रुपये की 36 परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ।
इसमें टांडा में 217 करोड़ 69 लाख की कुल 69 , आलापुर में 313 करोड़ 18 लाख रुपये की कुल 75 व जलालपुर में 176 करोड़ 93 लाख रुपये की कुल 50 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास हुआ।
पीडीए का मतलब पीटेगा अहिर : ओमप्रकाश
जिले के प्रभारी एवं पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि पेपर लीक की बात करने वाली सपा के शासन ने गैर राज्यों के बच्चे यहां नकल करके पास करने के लिए आते थे। कापियां खेतों में लिखी जाती थीं। भर्ती का फार्म निकालने के बाद इनके नेता गांवों में नौकरियां बेचने निकल जाते थे।
खबरें और भी
मंत्री ने पीडीए का मतलब बताया, पीटेगा अहिर,पीटेगा मुस्लिम। उन्होंने जनता से हाथ उठाकर पांचों विधानसभा में भाजपा काे जिताने पर सहमति मांगी तो सभी ने पुरजोर समर्थन किया। एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने विकास का हिसाब दिया। उन्होंने सीएम से सड़क, अस्पताल और विभिन्न मांगें रखीं। पूर्व सांसद रितेश पांडेय और कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने विकास के लिए मांग उठाई।
उपस्थित रहे गणमान्य
मंच पर भाजपा अवध प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल, पूर्व विधायक त्रिवेणीराम, संजू देवी, अनीता कमल, जिला पंचायत के प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा, अयोध्या भाजपा के प्रभारी डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रकाश यादव, रमाशंकर सिंह, कपिलदेव वर्मा आदि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- 'अंबेडकरनगर को नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर का केंद्र बनाएगी सरकार', गोविंद साहब धाम में बोले CM योगी
झलकियां
- सीएम की तस्वीर कैद करने को मोबाइल लिए आतुर रहे समर्थक
- मुख्यमंत्री के वापस जाने तक हेलीकाप्टर के आसपास लगी भीड़
- पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या दिखी अधिक
- सीएम की घोषणाओं और तंज पर जनता करती रही समर्थन
- पोल और रेलिंग पर चढ़कर बैठे युवा, सीएम की करते रहे जयकार
- समर्थकों से भरा पंडाल, बैठने को कम पड़ी जगह
- मुख्यमंत्री बोले जलालपुर के विधायक राकेश पांडेय आना चाहते थे, लेकिन अस्वस्थ हैं।