'आओ बच्चू, मैं तुम्हें दंगा कराना सिखा देता हूं', दंगाइयों को सीएम योगी की चेतावनी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंबेडकरनगर में सपा पर तीखा हमला बोलते हुए दंगाइयों को कड़ी चेतावनी दी, कहा अब यूपी दंगा-माफिया मुक्त है। उन्होंने 706 कर ...और पढ़ें

आओ बच्चू, मैं तुम्हें दंगा कराना सिखा देता हूं: सीएम योगी।
HighLights
दंगाइयों को सीएम योगी की चेतावनी, यूपी अब दंगा-मुक्त।
सपा पर भ्रष्टाचार, अवैध वसूली का आरोप, नौकरियां नहीं दीं।
अंबेडकरनगर में 706 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण।
जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब कोई दंगा कराने की धमकी देता है तो जवाब मिलता है, ‘आओ बच्चू, थोड़ा दंगा करवा लो, मैं तुम्हें दंगा कराना सिखा देता हूं।’ पहले दंगाइयों को संरक्षण मिलता था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश दंगा, माफिया और कर्फ्यू से मुक्त है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग खुद को नहीं संभाल पा रहे, वे प्रदेश की 25 करोड़ जनता को क्या संभालेंगे। इसी कारण सपा सरकार दंगाइयों के सामने घुटने टेक देती थी। सपा सरकार में योग्यता के आधार पर नौकरियां नहीं मिलती थीं। नौकरी निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली पर निकल पड़ती थी।
सपा का झंडा लेकर चलने वाले लोग अवैध वसूली करते थे और थानों से लेकर तहसीलों तक उनका प्रभाव था। नई पीढ़ी को बताया जाना चाहिए कि पहले प्रदेश में कैसी अराजकता थी। आज प्रदेश में नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को जेल भेजा जाएगा।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को टांडा, जलालपुर और आलापुर विधानसभा क्षेत्रों की 706 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाणपत्र और चेक भी वितरित किए।
खबरें और भी
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश सरकार जल्द नई युवा नीति लाएगी। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर प्रत्येक जिले में एम्प्लायमेंट जोन विकसित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अंबेडकरनगर नार्थ-साउथ कॉरिडोर का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, जो सिद्धार्थनगर, बस्ती और प्रयागराज होते हुए दक्षिण भारत तक संपर्क मजबूत करेगा। योगी ने गोविंद साहब मेले को राजकीय मेले का दर्जा देने की घोषणा करते हुए कहा कि विकास का माडल देखना है तो अंबेडकरनगर आइए। जिला दो-दो एक्सप्रेसवे से जुड़ चुका है और यहां स्वास्थ्य, सड़क तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विधानसभा में समाजवादी पार्टी ने अनुपूरक बजट पर चर्चा नहीं होने दी, जबकि उसमें किसानों, महिलाओं, युवाओं, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम चौकीदारों तथा सामाजिक न्याय से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब कानून का राज है। व्यापारी सुरक्षित हैं, बेटियों का सम्मान सुनिश्चित है और अपराधियों के लिए केवल दो ही जगह हैं- जेल या फिर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई। इससे पहले मुख्यमंत्री ने गोविंद साहब मठ पहुंचकर नव निर्मित श्रीराम-जानकी मंदिर में दर्शन-पूजन किया।