अमेठी में 74 करोड़ की लागत से संवरेगी 28 किमी. सड़क, एक लाख आबादी को मिलेगा सीधा लाभ
अमेठी में सेमरौता-हैदरगढ़ मार्ग के 28 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण, उच्चीकरण और सुदृढ़ीकरण को स्वीकृति मिल गई है, जिस पर लगभग 74 करोड़ रुपये खर्च होंगे ...और पढ़ें

74 करोड़ से संवरेगी 28 किमी सड़क।
HighLights
सेमरौता-हैदरगढ़ मार्ग के 28 किमी हिस्से को मिली स्वीकृति।
परियोजना पर खर्च होंगे लगभग 74 करोड़ रुपये।
लाखों लोगों को आवागमन और व्यापार में मिलेगी राहत।
संवाद सूत्र, तिलोई, (अमेठी)। लंबे समय से बदहाल सेमरौता-हैदरगढ़ मार्ग से जुड़े क्षेत्रवासियों के लिए अच्छी खबर है। ओडीआर योजना के तहत पूरे भुलैया तिराहा से वाया जैतपुर, लोढ़ा बाग होते हुए अहोरवा भवानी-हैदरगढ़ लिंक मार्ग से नहर कालोनी स्थित लखनऊ-सुलतानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग तक करीब 28 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण, उच्चीकरण और सुदृढ़ीकरण को स्वीकृति मिल गई है। इसके निर्माण पर करीब 74 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अब निर्माण के लिए धन आवंटन का इंतजार है।
प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह ने 12 जुलाई को शिवरतनगंज में वन विभाग के पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों को मार्ग की स्वीकृति की जानकारी दी थी। सड़क की चौड़ाई वर्तमान तीन मीटर से बढ़ाकर पांच मीटर की जाएगी। साथ ही सड़क का उच्चीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
बताते चलें कि यह मार्ग लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। जैतपुर, लोढ़ाबाग, लौली, पूरे रिसालदार, पूरे बरमाल, हथरोहना, नगियामऊ, हिंदू का पुरवा और धरगही गांवों के आसपास कई स्थानों पर बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाता है। इससे डामरीकृत सड़क क्षतिग्रस्त होकर कई जगह दलदल में तब्दील हो जाती है।
अहोरवा भवानी की ओर करीब नौ किलोमीटर सड़क का हिस्सा पूर्व में दो बार पीएमजीएसवाई से बनाया गया था, लेकिन वर्तमान में वह भी उखड़ चुका है।
सेमरौता-हैदरगढ़ मार्ग से अहोरवा भवानी तक सड़क के चौड़ीकरण और उच्चीकरण की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और गांवों का संपर्क मुख्य बाजारों से बेहतर होगा। इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। -घनश्याम साहू, व्यवसायी, टेढ़ई।
बेहतर सड़क बनने से क्षेत्र का हैदरगढ़ मुख्य बाजार से सीधा और सुगम जुड़ाव होगा। इससे व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। युवाओं को स्थानीय स्तर पर काम मिलने की संभावना बढ़ेगी। सड़क का चौड़ीकरण होने से आवागमन आसान होगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। -रामचंद्र पांडेय, समाजसेवी, अहोरवा भवानी।
सड़क के उच्चीकरण और चौड़ीकरण से किसानों को सबसे अधिक लाभ होगा। गांवों से सब्जियों और दूध को बाजार तक पहुंचाना आसान हो जाएगा। बरसात में जलभराव और सड़क खराब होने से होने वाली परेशानी दूर होगी। इससे किसानों की उपज समय से बाजार पहुंचेगी और उनकी रोजाना आमदनी बढ़ने की उम्मीद है। -चौहर्जा पासी, पूर्व बीडीसी सदस्य, हथरोहना।
सड़क की हालत बेहतर होने से गांव के बच्चों को शिक्षा के लिए हैदरगढ़ जाने में सुविधा मिलेगी। अभी खराब सड़क के कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती है। अच्छी सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा, बच्चों को बेहतर शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा और क्षेत्र में शिक्षा का स्तर भी सुधरेगा। -मार्कंडेय चावला, पूर्व प्रधान, ग्राम पंचायत जैतपुर।
सेमरौता-हैदरगढ़ मार्ग के पूरे भुलैया तिराहा से लोढ़ाबाग स्थित अहोरवा भवानी-हैदरगढ़ संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण, उच्चीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति मिल चुकी है। करीब 74 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार कर धन आवंटन के लिए विभाग को भेजा गया है। धन मिलते ही टेंडर समेत अन्य औपचारिकताएं पूरी कराकर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। -रमेशचंद्र, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी।