अमेठी में पुलिस बूथ के पास किराना दुकान में सेंधमारी, लाखों की चोरी से सुरक्षा पर सवाल
अमेठी के मिश्रौली बाजार में पुलिस बूथ से चंद कदम दूर एक किराना दुकान में चोरी हो गई। चोरों ने दुकान की पिछली दीवार तोड़कर करीब 39,500 रुपये नकद और साम ...और पढ़ें

HighLights
पुलिस बूथ से चार कदम दूर किराना दुकान में चोरी हुई।
चोरों ने पिछली दीवार तोड़कर 39,500 रुपये नकद व सामान चुराया।
अमेठी में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे।
जागरण संवाददाता, अमेठी। चोरों ने पुलिस बूथ से महज चंद कदम की दूरी पर स्थित किराना दुकान की पिछली दीवार तोड़कर नकदी समेत हजारों रुपये का सामान पार कर दिया।
चोरी की इस वारदात ने पुलिस की गश्त और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि दुकान उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के ठीक सामने स्थित है, जहां बैंक की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की मौजूदगी रहती है।
ठेंगहा निवासी बुद्धि प्रकाश बरनवाल की मिश्रौली बाजार में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के सामने किराना की दुकान है। सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की दीवार टूटी मिली।
दुकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा था और नकदी समेत कई सामान गायब थे। पीड़ित के अनुसार चोर अमूल दूध के तीन डिब्बे, गुटखा, नहाने के साबुन, टूथपेस्ट समेत अन्य किराना सामान उठा ले गए। इसके अलावा मोबाइल रिचार्ज के 11 हजार रुपये, 20 हजार रुपये नकद और कारोबार के 8,500 रुपये भी चोर ले गए।
पीड़ित ने कुल नुकसान करीब 39,500 रुपये से अधिक बताया है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और संग्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक राजेश सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस बूथ के सामने वारदात, गश्त पर सवाल
मिश्रौली बाजार में जिस जगह चोरी हुई, वहां से पुलिस बूथ की दूरी महज चार कदम बताई जा रही है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर दुकान की पिछली दीवार तोड़ी और सामान व नकदी लेकर फरार हो गए। अमेठी-प्रतापगढ़ मुख्य मार्ग पर हुई इस वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।