Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अंबाला सिलिंडर विस्फोट: अमेठी के सत्यम यादव की 8 दिन बाद मौत, इकलौते बेटे के जाने से मां बेसुध

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 03:44 PM (GMT+05:30)

    अंबाला में सिलिंडर विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसे अमेठी के 22 वर्षीय सत्यम यादव की आठ दिन बाद मौत हो गई। इकलौते बेटे के निधन से परिवार में मातम छा गया ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर।

    प्रतीकात्मक तस्वीर।

    HighLights

    1. अंबाला सिलिंडर विस्फोट में अमेठी के युवक सत्यम की मौत।

    2. आठ दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद निधन।

    3. इकलौते बेटे की मौत से परिवार और गांव में शोक।

    जागरण संवाददाता, अमेठी। पंजाब के अंबाला में सिलिंडर विस्फोट की घटना में गंभीर रूप से झुलसे भेटुआ के युवक की आठ दिन तक जिंदगी और मौत के बीच चली जंग आखिरकार हार गई।

    गुरुवार सुबह जैसे ही युवक का शव पैतृक गांव पहुंचा, परिवारजन में चीख-पुकार मच गई। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता बदहवास हो गए, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

    भेटुआ के भरेथा देवरहा निवासी 22 वर्षीय सत्यम यादव अंबाला की एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। वह कंपनी की ओर से उपलब्ध कराए गए कमरे में गांव के दो साथियों और एक रिश्तेदार के साथ रहते थे।

    29 जुलाई की रात करीब डेढ़ बजे खाना बनाते समय अचानक सिलिंडर में भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें कमरे में मौजूद चारों युवक गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को उपचार के लिए चंडीगढ़ पीजीआइ में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान बुधवार को सत्यम ने दम तोड़ दिया।

    गुरुवार सुबह करीब नौ बजे सत्यम का शव उनके पैतृक गांव पहुंचा। मां सुशीला यादव बेटे का शव देखकर बिलख पड़ीं। पिता जंग बहादुर यादव भी गहरे सदमे में बेसुध हो गए। परिवारजन और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।

    अंतिम संस्कार के लिए शव को श्रृंगवेरपुर ले जाया गया, जहां गमगीन माहौल में अंतिम विदाई दी गई। सत्यम परिवार के इकलौते बेटे थे। उनकी बहन स्वाति अविवाहित हैं। बेटे के असमय निधन से परिवार की उम्मीदें टूट गईं। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।

    खबरें और भी