अमेठी में स्टेयरिंग फेल होने से डिवाइडर से टकराई श्रद्धालुओं से भरी बस, चालक घायल
Amethi News: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर स्पीड ब्रेकर होने के कारण बस की रफ्तार धीमी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों क ...और पढ़ें

अनियंत्रित बस सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई।
HighLights
घटना के बाद सवार 35 दर्शनार्थियों में मची चीख-पुकार
चालक को बाहर निकालने में ली गई जेसीबी की मदद
संवादसूत्र, अमेठी। 35 दर्शनार्थियों को लेकर प्रतापगढ़ के मनगढ़ जा रही निजी बस की भालेसुलतान क्षेत्र में स्टेयरिंग फेल हो गई। वारिशगंज के इमलीगांव रेलवे फाटक के पास की इस घटना में बस चालक घायल हो गया, जबकि बस में सवार महिलाओं और बच्चों समेत सभी दर्शनार्थी बाल-बाल बच गए।
सुलतानपुर के दिखौरा थाना धनपतगंज के चालक शत्रुघ्न पांडेय ने बताया कि वह गांव से ही 35 दर्शनार्थियों को बस में बैठाकर रविवार की सुबह प्रतापगढ़ के मनगढ़ धाम के लिए निकले थे। इमली गांव रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचते ही अचानक बस की स्टेयरिंग फेल हो गई। इससे अनियंत्रित बस सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई।
बस के डिवाइडर से टक्कर लगते ही इस बस में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में चालक का पैर बस में फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर स्पीड ब्रेकर होने के कारण बस की रफ्तार धीमी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने जेसीबी की मदद से बस में फंसे चालक को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें ट्रामा सेंटर जगदीशपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक अजयेंद्र पटेल ने बताया कि चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य सभी दर्शनार्थी सुरक्षित हैं। मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई।