अमरोहा में सड़क पर टहल रहे कारपेंटर को मारी गोली, मामले की जांच में जुटी पुलिस
गजरौला में पाल रोड पर टहल रहे कारपेंटर वाजिद अली को बाइक सवार हमलावरों ने गोली मार दी, जो उनकी ...और पढ़ें
-1789411151127_m.webp)
HighLights
गजरौला में कारपेंटर वाजिद अली को गोली मारी गई।
बाइक सवार हमलावरों ने पाल रोड पर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, परिवार ने रंजिश से इनकार किया।
जागरण संवाददाता, गजरौला (अमरोहा)। घर से थोड़ी दूरी पर टहल रहे कारपेंटर वाजिद अली को बाइक सवार हमलावरों ने गोली मार दी। गोली जांघ में लगी है। घटना से हडकंप मच गया। सीएचसी में उपचाराधीन वाजिद व उसके स्वजन ने किसी रंजिश से इनकार किया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी की फुटेज देखने में जुट गई है।
नगर के मुहल्ला जलालनगर निवासी शमशाद के चार बेटों में चौथे नंबर का वाजिद कारपेंटर है। दिल्ली से चार महीना पहले वापस आकर अब गजरौला में काम करने लगा है। सोमवार रात खाना खा कर वाजिद लगभग 10:30 बजे टहलने के लिए पाल रोड पर गया था।
अभी घर से लगभग दो सौ मीटर ही चला होगा कि बाइक सवार दो युवकों ने उस पर फायर झोंक दिया। गोली वाजिद की दाईं जांघ में लगी है। गोली लगते ही वह गिर पड़ा, जबकि हमलावर फरार हो गए। उसके बाद वह उठ कर घायलवस्था में ही घर की तरफ जाने लगा, लेकिन रास्ते में मुहल्ले के अन्य युवक आते मिल गए।
उन्होंने खून से लथपथ वाजिद को देखकर फ़ौरन उसे सीएचसी में भर्ती कराया तथा स्वजन को सूचना दी। पुलिस भी अस्पताल आ गई तथा पीड़ित से जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। घायल के भाई शाह मिनाज ने बताया कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है।
हमलावर कौन थे तथा क्यों गोली मारी यह जांच का विषय है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी की फुटेज देखी जा रही है। सारे मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- अमरोहा में आठ वर्ष की मासूम बच्ची से दरिंदगी: समझौते के प्रयास में उलझाया, आरोपित गिरफ्तार
