Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अमरोहा में गैस सिलेंडर के लिए मची त्राहि-त्राहि: केवाईसी के चक्कर में छूटे पसीने, जानें ताजा हाल

    Updated: Tue, 24 Mar 2026 03:36 PM (IST)

    अमरोहा जिले में गैस सिलेंडरों की किल्लत जारी है, जिससे उपभोक्ताओं को लंबी कतारों और केवाईसी संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हसनपुर, गजरौला औ ...और पढ़ें

    गजरौला में गैस एजेंसी पर वाउचर लेने के लिए लगी लाइन। जागरण

    गजरौला में गैस एजेंसी पर वाउचर लेने के लिए लगी लाइन। जागरण

    HighLights

    1. सोमवार को भी जिलेभर में एजेंसियों के सामने लगी रही भीड़, पूर्ति विभाग की टीम लगातार कर ही निगरानी

    जागरण संवाददाता, अमरोहा। सोमवार को भी जिलेभर में एजेंसियों के बाहर गैस सिलिंडर लेने वाले उपभोक्ताओं की लाइन लगी रही। सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी के बीच भी लोग लाइन में लगे रहे। दोपहर बाद तक यह सिलसिला जारी रहा। जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग थी तथा वह पहले कतार में लग गए थे, उन्हें सिलिंडर मिला। जबकि कई स्थान पर स्टाक खत्म होने के कारण खाली हाथ लौटना पड़ा।

    हालांकि अब अधिकांश उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिल रहे हैं। परंतु उनके सामने केवाईसी कराने में दिक्कत आ रही है। हसनपुर, गजरौला, मंडी धनौरा, जोया, अमरोहा व नौगावां सादात के साथ ही रजबपुर, बछरायूं, उझारी व सैदनगली में दिनभर यही हालात बने रहे।

    इसके चलते आपाधापी का माहौल बना हुआ है। उधर पूर्ति विभाग की टीम जिलेभर में दिनभर भ्रमणशील रह कर एजेंसियों पर सिलिंडर का वितरण करा रही हैं। कालाबाजारी रोकने के साथ ही स्टाक की जांच भी जा रही है। प्रस्तुत है जिले में गैस वितरण की स्थिति पर रिपोर्ट :

    हसनपुर में केवाईसी को लेकर परेशान उपभोक्ता

    हसनपुर : हसनपुर में गैस की समस्या दूर होने का नाम नहीं ले रही है। लंबे समय से उपयोग में नहीं आए गैस कनेक्शन की केवाईसी कराने और फिर गैस सिलिंडर प्राप्त करने में लोगों को पसीना छूट रहा है। हसनपुर गैस एजेंसी के कार्यालय पर सोमवार को ताला लटका रहा।

    खबरें और भी

    गोदाम पर गैस का वितरण भी नहीं किया गया था। कार्यालय के बाहर डीएसी नंबर देने पर गैस की होम डिलीवरी किए जाने की बात लिखी थी। उधर सचिन गैस एजेंसी हसनपुर और हिमांशु गैस एजेंसी सिहाली जागीर पर गैस नियमानुसार बांटी गई।

    हसनपुर गैस एजेंसी के संचालक दिनेश कुमार गौतम का कहना है कि मंगलवार को गैस की गाड़ी आएगी तब गैस की होम डिलीवरी कराई जाएगी। जिसे लेकर उपभोक्ता परेशान रहे। उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।

    व्यापारियों ने की गैस की होम डिलीवरी कराने की मांग

    हसनपुर : व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान 74/22 से जुड़े व्यापारियों ने संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर अपर जिलाधिकारी गरिमा सिंह को शिकायती पत्र देकर गैस की होम डिलीवरी कराने की मांग की। प्रदेश महासचिव मुकेश गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल अपर जिलाधिकारी एवं एएसपी अखिलेश भदौरिया से मिला।

    कहा कि रसोई गैस की किल्लत से उपभोक्ता परेशान हैं। छोटे दुकानदारों की दुकान कामर्शियल सिलिंडर नहीं मिलने की वजह से बंद हो गई हैं। जिससे उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

    उन्होंने कहा कि रसोई गैस के साथ ही कामर्शियल सिलिंडर भी मुहैया कराए जाएं। इस अवसर पर सचिन गुप्ता, अलीमुद्दीन, रानू रस्तोगी, पंकज भटनागर आदि मौजूद रहे।

    गैस सिलिंडर लेने के लिए सुबह से लगी लाइन

    गजरौला : गैस एजेंसियों और गैस गोदामों से उपभोक्ताओं की भीड़ कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। सुबह होते ही उपभोक्ता वाउचर कटाने और फिर गैस सिलिंडर लेने के लिए लाइन में लग जाते हैं। कामकाजी लोगों को तो सिलिंडर लेने के लिए डयूटी तक भी छोड़नी पड़ रही है।

    सोमवार को बारिश के बावजूद उपभोक्ता गैस सिलिंडर लेने के लिए घरों से निकल गए थे। परिवार का एक सदस्य सिलिंडर लेकर गोदाम पर लाइन में लगा तो वहीं दूसरा सदस्य एजेंसी पर जाकर वाउचर कटवाने में लग गया। जो लोग अकेले आए थे उन्हें पहले वाउचर कटवाने में तो वहीं यहां के बाद सिलिंडर लेने के लिए लाइन में लगना पड़ा।

    बुजुर्ग लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर तक एजेंसियों और गोदामों पर भीड़ का आलम बना रहा। पिछले कई दिन से ऐसे ही हालात बने हुए हैं।

    गैस किल्लत की बीच उपभोक्ताओं को मिली गैस

    मंडी धनौरा: क्षेत्र में गैस किल्लत के बीच सोमवार को एचपी गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर का वितरण किया गया। वहीं दूसरी ओर इंडेन गैस एजेंसी पर दो दिन बाद गैस की सप्लाई पहुंचने पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही उपभोक्ता एजेंसी के बाहर लाइन में लग गए और अपनी बारी का इंतजार करते रहे।

    भीड़ अधिक होने के कारण धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बनी रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई उपभोक्ताओं ने व्यवस्था सुधारने की मांग करते हुए नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने की बात कही, ताकि उन्हें बार-बार ऐसी दिक्कतों का सामना न करना पड़े।


    यह भी पढ़ें- अमरोहा में गजब का 'खेल': जेब में रखा ट्रांसफर लेटर और रातों-रात सरकारी खाते से साफ कर दिए ₹25 लाख!