अमरोहा-हरिद्वार एक्सप्रेस-वे: 52 गांवों के 800 किसानों की जमीनों के गाटा लॉक, अब ना होगी बिक्री ना धारा-80क
अमरोहा-हरिद्वार गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए 52 गांवों के 800 किसानों की जमीनों के गाटा लॉक कर दिए गए हैं। अब इन जमीनों की खरीद-फरोख्त और धारा-80 ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।
HighLights
52 गांवों के 800 किसानों की अमरोहा-हरिद्वार एक्सप्रेस-वे में जा रही जमीन
जागरण संवाददाता, अमरोहा। अमरोहा-हरिद्वार गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीनों के गाटा तहसील प्रशासन ने लॉक कर दिए हैं। अब जिन किसानों की जमीन एक्सप्रेस-वे में जा रही है, वे संबंधित गाटों की न तो खरीद-फरोख्त कर सकेंगे और न ही उन पर धारा-80 की कार्रवाई करा पाएंगे। प्रशासन ने अधिग्रहण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम उठाया है।
इस समय लेखपालों द्वारा खेतों में जाकर पेड़ों, नलकूपों, मकानों और खड़ी फसलों का सर्वे किया जा रहा है, ताकि किसानों को नियमानुसार मुआवजा मिल सके। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) अमरोहा से हरिद्वार तक गंगा एक्सप्रेस-वे के विस्तार की परियोजना पर तेजी से कार्य कर रहा है।
इसके तहत जनपद की हसनपुर और मंडी धनौरा तहसील के 52 गांवों के लगभग 800 किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।परियोजना के लिए भूमि सर्वे और गाटा संख्या के मिलान का कार्य पूरा हो चुका है। इसके बाद तहसील प्रशासन ने अधिग्रहण में शामिल सभी गाटों को लॉक कर दिया है। अब इन गाटों की रजिस्ट्री, बैनामा अथवा अन्य प्रकार का स्वामित्व हस्तांतरण नहीं किया जा सकेगा।
साथ ही धारा-80 की कार्रवाई पर भी रोक लगा दी गई है। वर्तमान में लेखपाल गांव-गांव पहुंचकर अधिग्रहित भूमि पर मौजूद पेड़ों, नलकूपों, मकानों तथा अन्य निर्माण का विवरण तैयार कर रहे हैं। खेतों में खड़ी फसलों का भी आकलन किया जा रहा है, ताकि अधिग्रहण के समय किसानों को भूमि के साथ-साथ अन्य परिसंपत्तियों का भी निर्धारित मानकों के अनुसार मुआवजा मिल सके।
खबरें और भी
हसनपुर और मंडी धनौरा के इन गांवों की भूमि होगी अधिग्रहित
हसनपुर तहसील के रुखालू, शकरौली, गुलामपुर, भैंसरोली, बाईखेड़ा, लुहारी खादर, सोहरका, दीपपुर, आगापुर कला, मछरई, याकूबपुर, सेमला, बसेरा खुर्द, आलमपुर, आब्दीपुर, कटाई और पूठी सहित 17 गांवों की भूमि परियोजना में शामिल है।
मंडी धनौरा तहसील के अटाली मुरीदपुर, मीरपुर, बल्दाना असगरी अली खान, जलालपुर कला, झनकपुरी, बस्तौरा माफी, यकबगड़ी, बस्तौरा, शेखूपुर शुमाली, रायपुर शुमाली, देहरा घनश्याम, नंगलिया बहादरपुर, बैरमपुर भूड़, अफजलपुर लूट, मोहम्मदी माफी, हाशमपुर भूड़, कौराला, होशंगपुर उर्फ कटपुरा, चक कुआखेड़ा, कुआखेड़ा, बाखरपुर माफी, छज्जूपुरा माफी, भटौला शुमाली, टोनिया माफी, हैवतपुर चौधरियान, पेली, बढ़पुरा, खंडसाल, रसौती, वंशगोपालपुर, डींगरा, पट्टीपारा माफी, पारा खालसा और वालीपुर सहित 35 गांवों की भूमि अधिग्रहित की जाएगी।
अमरोहा-हरिद्वार गंगा एक्सप्रेस-वे में जिन किसानों की जमीन जा रही हैं, उनके गाटों को लाक कर दिया गया है। अब किसान उन गाटों की जमीन का क्रय-विक्रय नहीं कर पाएंगे। धारा 80 भी उनकी नहीं हो पाएगी। नलकूप, घर व पेड़ों की गिनती लेखपालों द्वारा की जा रही है ताकि, किसानों को उनका मुआवजा दिलाया जा सके।
- शैलेश कुमार दुबे, एसडीएम, मंडी धनौरा।
यह भी पढ़ें- अमरोहा-हरिद्वार एक्सप्रेसवे: 10 गांव बाहर, अब 52 गांवों की जमीन होगी अधिग्रहीत; देखें अपनी तहसील की लिस्ट