सावन के पहले सोमवार पर अमरोहा के मंदिरों में उमड़ा जनसैलाब, भक्तों ने लगाए हर-हर महादेव के जयकारे
अमरोहा के शिवालयों में सावन के पहले सोमवार को भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ...और पढ़ें

मंदिरों में पूजा-अर्चना करते भक्त।
HighLights
सावन के पहले सोमवार को अमरोहा के शिवालयों में भीड़।
भक्तों ने वैदिक मंत्रोच्चार से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे अमरोहा के मंदिर।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। सावन माह के पहले सोमवार को शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्री वासुदेव तीर्थ स्थल समेत अन्य जगह शिवालयों में विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। घंटे-घड़ियालों व हर-हर महादेव के जयकारों से शिवालय गूंजते रहे। जिलेभर में शिव भक्ति का माहौल रहा।
सावन के पहले सोमवार को शिवभक्तों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। श्रद्धालु उपवास रखकर बेलपत्र, भांग-धतूरा, धूपबत्ती और पवित्र जल का कलश लेकर शिवालयों में पहुंचे। वहां श्रद्धालुओं की पहले से ही लंबी कतारें लगी हुई थी।
बारी आने पर विधिवत पूजा अर्चना कर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। कांवड़ियों ने भी हरिद्वार और बृजघाट स्थित गंगा नदी से जल लेकर अपने स्वजन के साथ शिवालयों में पहुंचे और शिव का जलाभिषेक कर स्वजन की सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया।
शकूरपुर में शिव मंदिर, श्री बाबा गंगानाथ मंदिर, कामनाथ महादेव मंदिर, रियासत वाला मंदिर, नौगावां सादात में गजस्थल मंदिर, डिडौली में साठा भूड़ शिव मंदिर, कैलसा, रजबपुर, हसनपुर, गजरौला, मंडी धनौरा आदि स्थानों के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने विधिवत भगवान शिव का जलाभिषेक किया। शिवालय हर हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
