तैयार हो जाइए! गंगा एक्सप्रेसवे के टोल बूथ हुए हाईटेक, सीसीटीवी और जेनरेटर इंस्टॉल; जानें कब से शुरू होगा सफर
अमरोहा जनपद में गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। हसनपुर तहसील में टोल बूथों पर जेनरेटर लग चुके हैं और सीसीटीवी निगरानी भी शुरू ह ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल बूथ के नजदीक लगे सूचना एवं संकेत बोर्ड। जागरण
HighLights
हसनपुर तहसील में 23.60 किमी लंबा गंगा एक्सप्रेसवे बनकर हो चुका तैयार
मेरठ से प्रयागराज और ब्रजघाट व तिगरी धाम की डगर भी हो जाएगी आसान
संवाद सहयोगी, हसनपुर। अमरोहा जनपद में गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। टी प्वाइंट के नजदीक बनाए गए टोल बूथों के संचालन के लिए जेनरेटर भी लगा दिए गए हैं। जल्द ही गंगा एक्सप्रेसवे के चालू होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, अभी शासन स्तर के गंगा एक्सप्रेसवे के शुभारंभ की तिथि घोषित नहीं हुई है।
मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। आगामी 27 वर्ष तक गंगा एक्सप्रेसवे के संचालन की जिम्मेदारी आइआरबी यानी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स लिमिटेड की रहेगी। अमरोहा जनपद की हसनपुर तहसील क्षेत्र में 23.60 किमी लंबा गंगा एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो चुका है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ने और उतरने के लिए मंगरौला गांव में टी प्वाइंट बनाया गया है। टी प्वाइंट के दोनों ओर टोल बूथ बनाए गए हैं। टोल बूथ बनकर तैयार होने के बाद उनके उपकरणों के संचालन के लिए जेनरेटर भी आ गए हैं। जिससे गंगा एक्सप्रेसवे के अब जल्द शुरू होने के कयास लगाए जा रहे हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे पर लगाए गए संकेत एवं सूचना बोर्ड
गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण का कार्य पूर्ण होने के बाद सूचना एवं संकेत बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। टी प्वाइंट मंगरौला पूरी तरह से सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा। यहां पर प्रकाश व्यवस्था के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण शुल्क से छूट प्राप्त अति महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सूचना से संबंधित बोर्ड भी लगाए गए हैं।
खबरें और भी
मेरठ और प्रयागराज की राह होगी आसान
हसनपुर: गंगा एक्सप्रेसवे बनकर तैयार होने के बाद इसके चालू होने को लेकर लोगों में खासी उत्सुकता देखने को मिल रही है। गंगा एक्सप्रेसवे के चालू होने से मेरठ और प्रयागराज का सफर आसान हो जाएगा।
अमरोहा के बहुत से लोग अपने मुकदमों की पैरवी करने के लिए प्रयागराज हाईकोर्ट आते जाते हैं। वहीं, उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए यहां के विद्यार्थी मेरठ और प्रयागराज पहुंचते हैं। मेरठ और प्रयागराज का सफर आसान और खुशनुमा होने से छात्रों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
धार्मिक आस्था की राह भी होगी आसान
मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे के चालू होने से लोगों की धार्मिक आस्था की राह भी आसान हो जाएगी। पश्चिमी यूपी के श्रद्धालुओं के लिए जहां प्रयागराज संगम में आस्था की डुबकी लगाना आसान हो जाएगा। वहीं, प्रयागराज तथा उसके आसपास के जनपदों के लोगों को छोटा हरिद्वार कहे जाने वाला ब्रजघाट और तिगरी धाम की यात्रा की डगर आसान हो जाएगी।
मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो गया है। अमरोहा जनपद में गंगा एक्सप्रेसवे का कार्य पूर्ण हो गया है। शुभारंभ की तारीख शासन स्तर से निश्चित होगी।
- राकेश कुमार मोगा, अधिशासी अभियंता, यूपीडा, हापुड़ से बदायूं।
यह भी पढ़ें- यूपी का नया 'नोएडा' बनेगा यह इलाका! गंगा एक्सप्रेसवे के पास 300 हेक्टेयर में बनेगा ग्रीन कॉरिडोर, चमकेगी किस्मत