UPPCS परीक्षा पास कर नायब तहसीलदार बनीं नेहा सागर, कहा- बचपन का सपना हो गया सच
अमरोहा और रामपुर की नेहा सागर व गजरौला के विजेंद्र सिंह ने यूपीपीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर नायब तहसीलदार का पद प्राप्त किया है। ...और पढ़ें

HighLights
मायके और ससुराल में छाई खुशी की लहर, मां, भाई व पति को दिया सफलता का श्रेय
बचपन का सपना हो गया सच, लगातार जारी रखी पढ़ाई और करती रहीं मेहनत
जागरण संवाददाता, अमरोहा। शहर के मुहल्ला सराय कोहना निवासी व हाल निवासी सिंह कालोनी जनपद रामपुर पूर्व एडीओ पंचायत स्व.चंद्र मोहन सागर की बेटी व शिक्षिका नेहा सागर उर्फ निक्की ने यूपीपीसीएस परीक्षा पास की है और उनका चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ है। इससे उनके मायके और ससुराल में खुशी छाई है। बचपन का सपना सच होने से वह खुशी से गदगद हैं। अपनी कामयाबी के पीछे मां, भाई व पति का हाथ बताती हैं। उन्होंने लगातार लगन के साथ पढ़ाई को सफलता की कुंजी बताया है।
नेहा सागर चार भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं। उनकी बड़ी बहन कल्पना गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। दूसरी बहन अल्पना सागर इंजीनियर हैं जबकि, इकलौते बड़े भाई त्रिवेंद्र मोहन ग्राम विकास अधिकारी पद पर रामपुर के शाहबाद ब्लॉक में तैनात हैं। भाभी गीता रानी स्वास्थ्य पर्यवेक्षक हैं। नेहा सागर के पति आयुष गौतम एनसीआरटीसी में डीजीएम पद पर कार्यरत हैं। इनके ससुर ओम प्रकाश प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत हुए हैं। सास सुमन इंटर कॉलेज में प्रवक्ता हैं।
नेहा बताती हैं कि उनकी शिक्षा बिलासपुर से ही पूरी हुई है। वर्तमान में वे सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय प्रथम बिलासपुर में कार्यरत हैं और अपनी ससुराल रोशनबाग रामपुर में रहती हैं। मेरा सपना बचपन से ही अधिकारी बनने का था।
पिता का देहांत 24 मई 2015 को हो गया था। जिससे परिवार परेशान हो गया था। मां आशा देवी और बड़े भाई त्रिवेन्द्र मोहन ने हिम्मत नहीं टूटने दी। पति आयुष गौतम ने हमेशा उनके सपनों को उड़ान देने में भरपूर सहयोग दिया। तैयारी के दौरान असफलता का सामना करना पड़ा। कई उतार चढ़ाव देखें लेकिन हौंसला नहीं टूटने दिया। नतीजा है आज वे नायब तहसीलदार के पद पर चयनित हुई हैं।
पूर्व विधायक के भतीजे विजेंद्र सिंह बने नायब तहसीलदार
गजरौला: पूर्व विधायक व गजरौला चेयरमैन राजेंद्री देवी उर्फ उमादेवी के पति हरपाल सिंह के भतीजे एवं भाजपा नेता विपिन सागर के छोटे भाई विजेंद्र सिंह ने यूपीपीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण की है। उनका चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में जश्न का माहौल है।
खबरें और भी
सोमवार को पूर्व विधायक हरपाल सिंह ने अपने आवास पर एकत्र भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को मिठाई खिलाकर भतीजे को मिली कामयाबी का जश्न मनाया। पूर्व विधायक हरपाल सिंह ने बताया कि नायब तहसीलदार के पद पर चयनित बिजेंद्र सिंह, उनके भाई स्वर्गीय प्रेम सिंह के पुत्र हैं।
वहीं, विजेंद्र सिंह के हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव सांथलपुर की मंढैया स्थित आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। बेटे को मिली इस कामयाबी से मां जयवंती देवी काफी खुश हैं। भाजपा नेता विपिन सागर ने बताया कि विजेंद्र सिंह उनके छोटे भाई हैं। उनका लक्ष्य आईएएस अधिकारी बनने का है। जिसके लिए वे सतत प्रयासरत हैं। आगे भी वे प्रयास करते रहेंगे।