औरैया हाईवे पर यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत, चौराहों पर 24 लाख में बनेंगे आधुनिक वेटिंग हॉल
नगर पालिका औरैया कानपुर-इटावा हाईवे पर जालौन और खानपुर चौराहों पर 24 लाख की लागत से वेटिंग हॉल और शौचालय बनाएगी। ...और पढ़ें

HighLights
कानपुर-इटावा हाईवे पर बनेंगे दो वेटिंग हॉल।
24 लाख की लागत से बनेंगे वेटिंग हॉल, शौचालय।
यात्रियों को धूप, बारिश से मिलेगी राहत, सुविधा।
जागरण संवाददाता, औरैया। शहर से होकर गुजरने वाले कानपुर-इटावा हाईवे पर रोजाना हजारों यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है। गर्मी, धूप और बारिश में बसों का इंतजार करने वाले लोगों को अब जल्द राहत मिलेगी।
नगर पालिका प्रशासन ने हाईवे के दो प्रमुख जालौन चौराहा और खानपुर चौराहा पर वेटिंग हाल बनाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा दोनों स्थानों पर शौचालय भी बनवाए जाएंगे। यह काम नवयुग योजना के तहत करीब 24 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
जालौन चौराहा व खानपुर चौराहा पर वाहनों के इंतजार में 24 घंटे यात्रियों की भीड़ रहती है। गर्मी में जहां लोग धूप में खडे रहते हैं। वहीं बारिश में खुले में खड़ा होना पड़ता है। सबसे बड़ी बात तो यह कि इन चौराहाें पर शौचालय की सुविधा नहीं हैं।
नगर पालिका की ओर से अस्थाई रूप से शौचालय की व्यवस्था कराई गई, लेकिन वह कारगार नही हैं। लोग पेशाब करने के लिए भी इधर-उधर भटकते हैं। इस समस्या के निदान के लिए नगर पालिका ने इन दोनों स्थानों पर करीब 24 लाख रुपये की लागत से वेटिंग हाल का निर्माण कराने की योजना बनाई है।
अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि प्रस्ताव में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की व्यवस्था, पेयजल और प्रकाश की सुविधा शामिल की गई है। अभी इन चौराहों पर बसों का इंतजार कर रहे यात्रियों, खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
खबरें और भी
दोनों चौराहों पर शौचालय की भी व्यवस्था की जाएगी। जिसमें महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था रहेगी। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि वेटिंग हाल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। शासन से स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और काम को तेजी से पूरा कराया जाएगा।
अधिकारियों का दावा है कि स्वीकृति मिलने के छह माह के अंदर दोनों जगह निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि हाईवे पर दुर्घटनाओं और भीड़ को देखते हुए यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान होना जरूरी था। वेटिंग हाल बनने से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि चौराहों की सुंदरता भी बढ़ेगी।