60 फीट गहरे कुएं में गिरा युवक, 5 मिनट में रेस्क्यू टीम पहुंची, फिर लोग करने लगे प्रार्थना
औरैया के राहतपुर गांव में एक युवक 60 फीट गहरे कुएं में गिर गया। अग्निशमन टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे ग्रामीणों में ...और पढ़ें

गांव राहतपुर स्थित एक कुए में गिरे युवक को निकालते अग्निशमन कर्मी। कर्मचारी
HighLights
औरैया में 60 फीट गहरे कुएं में गिरा युवक।
अग्निशमन टीम ने 5 मिनट में पहुंचकर किया सफल बचाव।
फायरमैन गजेंद्र सिंह ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
जागरण संवाददाता, औरैया। औरैया में एक युवक 60 फीट गहरे कुएं में गिर गया। उसे गिरता देख लोगों ने तत्काल दमकल को सूचना दी। पांच मिनट में रेस्क्यू टीम पहुंच गई। रेस्क्यू टीम के पहुंचने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव राहतपुर में शनिवार सुबह लगभग 11 बजे एक युवक करीब 60 फीट गहरे कुएं में गिर गया। चीख पुकार पर लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर पांच मिनट के अंतराल में पहुंची अग्निशमन टीम ने रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया। फायरमैन ने कुएं में उतरकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल जान बचाई।
इतनी जल्दी अग्निशमन टीम का पहुंचकर सफल रेस्क्यू आपरेशन ग्रामीणों में चर्चा का विषय रहा। आपातकालीन सेवाओं के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा। बताया जाता है कि ग्राम राहतपुर निवासी महेश कुमार का पुत्र राजू शराब के नशे में धुत होकर मकान के सामने बने कुएं में किसी तरह गिर गया। गिरते हुए लोगों ने देखा, चीख पुकार पर गांव के काफी लोग एकत्रित हो गए।
फायरमैन गौरव शाक्य ने बताया कि अग्निशमन विभाग को सूचना 11.16 बजे प्राप्त हुई और टीम चार किमी की दूरी तय कर 11.21 बजे घटनास्थल पर पहुंच गई। इतनी जल्दी अग्निशमन की गाड़ी व कर्मचारियों के पहुंचने पर लोग आश्चर्यचकित रह गए। इस बात की चर्चा लोग करते रहे। अग्निशमन टीम अपनी जान को खतरे में डाल युवक की जान बचाने में जुटी रही।
खबरें और भी
फायरमैन गजेंद्र सिंह ने युवक को करीब 60 फीट गहरे कुएं से सुरक्षित निकाल लिया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। अब वह पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। उनका कहना है कि घटना की सटीक सूचना व लोकेशन प्राप्त हो जाए तो काम बहुत आसान हो जाता है। कर्मचारियों को लगातार प्रशिक्षण दिया जाता है, रेस्क्यू आपरेशन से सीखने को भी मिलता है। इस मौके पर तमाम ग्रामीण उपस्थित रहे।