पिता के सामने ही थम गई बेटे की सांसें: औरैया में खेत जा रहे मासूम पर चढ़ा ट्रैक्टर का पहिया, बिखरा पूरा परिवार
औरैया के हजारीपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम आर्यन की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। ...और पढ़ें

आर्यन की मौत के बाद बदहवास पिता। जागरण
HighLights
पांच वर्षीय मासूम आर्यन की ट्रैक्टर हादसे में मौत।
मडगार्ड से गिरकर पहिए के नीचे आया मासूम बच्चा।
अजीतमल सीएचसी में बच्चे को मृत घोषित किया गया।
संवाद सहयोगी, अजीतमल(औरैया)। हजारीपुर गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक हादसे में पांच वर्षीय मासूम की जान चली गई। ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बैठकर खेत जा रहा बच्चा संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा और ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे को स्वजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हजारीपुर गांव निवासी किसान ध्रुव सिंह का पुत्र आर्यन गांव के ही शिवराज सिंह के ट्रैक्टर के मडगार्ड पर बैठकर खेत की ओर जा रहा था। ध्रुव सिंह के खेत में ट्रैक्टर-ट्राली से घूरे की खाद डालने का काम चल रहा था। बच्चे के पिता ध्रुव सिंह भी ट्रैक्टर पर दूसरी ओर बैठे हुए थे। बताया गया कि रास्ते में ट्रैक्टर चालक ने ब्रेक लगा दिया।
झटका लगने से मडगार्ड पर बैठा आर्यन अपना संतुलन खो बैठा और नीचे गिर गया। इससे पहले कि चालक ट्रैक्टर रोक पाता और पिता ध्रुव सिंह बच्चे को संभाल पाते, ट्रैक्टर का पहिया मासूम के ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद आर्यन को सीएचसी अजीतमल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मां खुशबू और पिता ध्रुव सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, तीन वर्षीय छोटी बहन नित्या भी माता-पिता और अन्य को रोता देखकर बदहवास है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। कोतवाली अजीतमल निरीक्षक अपराध रामचंद्र वर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर से दबकर बच्चे की मौत हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।