विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करवा चौथ को लेकर औरैया के बाजार गुलजार, महिलाओं के लिए पार्लरों में लुभावने ऑफर

Published: Sat, 24 Oct 2026 04:51 PM (IST)

करवा चौथ नजदीक आते ही औरैया के बाजारों में रौनक बढ़ गई है, महिलाएं साड़ियों, कॉस्मेटिक्स और पूजन सामग्री की खरीदारी कर रही हैं।

साड़ियों, कॉस्मेटिक्स और पूजन सामग्री की खरीदारी तेज

साड़ियों, कॉस्मेटिक्स और पूजन सामग्री की खरीदारी तेज

HighLights

  1. औरैया के बाजारों में करवा चौथ की रौनक बढ़ी।

  2. महिलाएं साड़ियों, कॉस्मेटिक्स, पूजन सामग्री खरीद रही हैं।

  3. ब्यूटी पार्लरों में विशेष पैकेज, बुकिंग में तेजी।

जागरण टीम, औरैया। करवा चौथ का पर्व नजदीक आते ही कस्बे के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। महिलाओं ने पर्व की तैयारी के साथ खरीदारी शुरू कर दी है। साड़ी की दुकानों, कॉस्मेटिक स्टोर और ब्यूटी पार्लरों में चहल-पहल दिखाई देने लगी है। महिलाएं जहां अपने लिए आकर्षक साड़ियां और अन्य सामग्री पसंद कर रही हैं, वहीं करवाचौथ पर सजने-संवरने के लिए ब्यूटी पार्लरों में भी बुकिंग शुरू हो गई है।

शहर के बाजारों व अछल्दा के नहर बाजार, हरीगंज व सराय बाजार समेत कस्बे के प्रमुख मार्केट में मिट्टी के करवों से लेकर रंग-बिरंगे पूजन सेट तक उपलब्ध हैं। दुकानों पर अलग-अलग आकार और डिजाइन के करवा सजाए गए हैं। पूजन सामग्री के तैयार सेट भी महिलाओं को आकर्षित कर रहे हैं।

करवा चौथ पर विशेष रूप से साड़ी, चूड़ियों, मेहंदी और कास्मेटिक सामान की मांग बढ़ने लगी है। उधर, ब्यूटी पार्लर संचालक भी पर्व को लेकर तैयारी में जुट गए हैं। महिलाओं को आकर्षित करने के लिए पार्लरों में विशेष मेकअप, फेशियल, हेयर स्टाइल और ब्राइडल लुक से जुड़े आकर्षक पैकेज दिए जा रहे हैं।

पर्व के दिन भीड़ और इंतजार से बचने के लिए महिलाएं पहले से ही अपनी बुकिंग करा रही हैं। पार्लर संचालकों को उम्मीद है कि करवाचौथ नजदीक आने पर बुकिंग में और तेजी आएगी।

कॉस्मेटिक और अन्य सामग्री की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होने से महिलाओं का बजट प्रभावित हो रहा है। पहले की तुलना में सामान खरीदने पर अधिक खर्च करना पड़ रहा है। इसके बावजूद पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह बना हुआ है। बिधूना, अजीतमल, फफूंद, दिबियापुर समेत अन्य क्षेत्रों के बाजार में रौनक दिख रही है।

सामग्री की कीमत पहले और अब (रुपये में)

छोटा करवा 30- 40
मध्यम करवा 50-60
बड़ा करवा 65-80
पूजन सेट 125–150
कॉस्मेटिक प्रोडक्ट करीब 10 प्रतिशत महंगे हुए
(नोट- रेट दुकानदारों के अनुसार)

श्वेता शर्मा ने बताया करवा चौथ को लेकर महिलाओं में खास उत्साह है। पार्लरों में आकर्षक पैकेज मिल रहे हैं। पर्व के दिन भीड़ से बचने के लिए महिलाएं पहले से बुकिंग करा रही हैं।

रश्मि शर्मा ने बताया करवा चौथ पर हर महिला सुंदर दिखना चाहती है। इसके लिए साड़ी, मेकअप और अन्य सामग्री की खरीदारी कर रही हैं। महंगाई के बावजूद पर्व को लेकर उत्साह है और पार्लरों में बुकिंग और खरीदारी शुरू हो गई है।

यह भी पढ़ें- Karwa Chauth 2026: मल्टीकलर लहंगे से पोल्की ज्वेलरी तक, इस करवा चौथ बाजार में छाए ये 5 नए ट्रेंड्स

 



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।