Karwa Chauth 2026: मल्टीकलर लहंगे से पोल्की ज्वेलरी तक, इस करवा चौथ बाजार में छाए ये 5 नए ट्रेंड्स
करवा चौथ के लिए मुरादाबाद के बाजारों में रौनक बढ़ गई है, जहां मल्टीकलर लहंगे, पोल्की ज्वेलरी और मैचिंग नेल ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
पांच से 25 हजार रुपये तक के मेकअप पैकेज, साड़ी के रंग से मेल खाएगी नेल आर्ट
जयपुरी ड्रेस के साथ चूड़ी-कड़ा, चांदी के करवे और पाजेब की भी पसंद
पहला करवा चौथ यादगार बनाने की तैयारी, पत्नी के साथ व्रत रखेंगे पति
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। करवा चौथ का चांद अभी पांच दिन दूर है, लेकिन बाजार में त्योहार की चमक उतरने लगी है। कहीं मल्टीकलर लहंगों पर भारी कढ़ाई महिलाओं को लुभा रही है तो कहीं साड़ियों के रंगों के साथ मैचिंग आभूषण और नेल आर्ट की तैयारी है। 29 अक्टूबर को करवा चौथ मनेगा।
इससे पहले कपड़ों, ज्वेलरी और मेकअप स्टूडियो में त्योहार की रौनक बढ़ी है। पारंपरिक सुहाग के शृंगार में फैशन का नया अंदाज भी शामिल है। वहीं, नवविवाहित जोड़ों के लिए पहला करवा चौथ खास होने जा रहा है।

कोई पत्नी को पोल्की डिजाइन की ज्वेलरी देने की तैयारी में है तो कोई साथ में व्रत रखकर इसे यादगार बनाने की। करवाचौथ पर परंपरा के साथ महिलाओं का व्रत रखकर पति भी साथ देंगे।
मल्टीकलर लहंगे में परंपरा, डिजाइन में नया अंदाज
मल्टीकलर के भारी कढ़ाई वाले लहंगे पसंद आ रहे हैं। स्ट्रेचेबल ब्लाउज इसी पसंद का हिस्सा हैं। महिलाएं ऐसा पहनावा चुन रही हैं, जो पूजा के समय पारंपरिक लगे और शाम के आयोजन में भी खास अंदाज दे।
ताड़ीखाना, जीएमडी रोड, बुधबाजार आदि कपड़ा कारोबारियों की दुकानों पर मैचिंग की साड़ी पसंद की जा रही है। जीएमडी रोड स्थित शोरूम पर देवांशी और उनकी बहन साड़ी पसंद कर रहीं थी। दो हजार रुपये से लेकर सात हजार रुपये तक की साड़ियां शोरूम पर हैं।
पोल्की ज्वेलरी से चांदी के करवे तक
करवा चौथ की खरीदारी में आभूषणों की अपनी अलग चमक है। नवविवाहित पति पहले करवा चौथ पर पत्नी को उपहार देने के लिए पोल्की डिजाइन की ज्वेलरी पसंद कर रहे हैं।

वहीं, परंपरागत आभूषणों में चांदी के बिछुआ और पाजेब की मांग है। सर्राफ संजय सिंघल ने बताया कि करवाचौथ पर पत्नी को गिफ्ट में देने के लिए हीरे की अंगूठी, पेंडेंट, ब्रेसलेट हलके वजन में पसंद किये जा रहे हैं।
साड़ी से मैच करेगी नेल आर्ट
शृंगार में मेकअप के साथ छोटी-छोटी चीजों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। मेकअप स्टूडियो में श्रंगार पैकेज हैं, तो वहीं नेल आर्ट को भी पूरे लुक का हिस्सा बनाया जा रहा है।साड़ी या लहंगे के रंग से मेल खाते नेल आर्ट डिजाइन पसंद कर रही हैं।
यह अंदाज पारंपरिक शृंगार में फैशन का नया रंग जोड़ रहा है। मेकअप आर्टिस्ट हरप्रीत कौर के अनुसार, करवाचौथ के दिन के लिए बुकिंग फुल हो चुकी है। पांच हजार से 25 हजार रुपये तक के पैकेज हैं।
जयपुरी ड्रेस के साथ चूड़ी-कड़े का मेल
जयपुरी ड्रेस के साथ चूड़ी, कड़ा और चूड़ा पसंद किया जा रहा है। चूड़ियों और कंगनों के अलग-अलग मेल से एक ही ड्रेस को खास अंदाज दिया जा रहा है। यही वजह है कि करवा चौथ की तैयारी में कपड़ों के साथ मैचिंग आभूषणों पर भी ध्यान है।
कुंवर सिनेमा स्थित होलसेल कपड़ा बाजार के दुकानदार संदीप नारंग के अनुसार, बाजार में चटख रंग में अलग-अलग वेरायटी है। जारजट में डिजाइन की पूरी रेंज है। महिलाओं को जयपुरी ड्रेस पर चूड़ी-कड़े के रंग का मेल पसंद आ रहा है।
पहला करवा चौथ, परिवार के साथ खुशियों की शुरुआत
नवविवाहित जोड़ों के लिए पहला करवा चौथ सिर्फ एक त्योहार नहीं, साथ निभाने की नई परंपरा शुरू करने का मौका भी है। पहला करवाचौथ वे परिवार के बीच ही मनाएंगे।
खास बात यह है कि पति भी पत्नी के साथ व्रत रखने की तैयारी कर रहे हैं। सम्राट अशोक नगर निवासी शशांक वाजपेयी और राधिका बताते हैं कि वह परिवार के बीच ही करवाचौथ का व्रत पूरा करेंगे।
वहीं, खुशहालपुर निवासी राजेश कुमार और उनकी पत्नी रितिका ने बताया कि दोनों का ही व्रत रहेगा। करवाचौथ के लिए मल्टी कलर में साड़ी ली है और पोल्की डिजाइन की ज्वेलरी के साथ मल्टी कलर नेल आर्ट की बुकिंग कराई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।