किसानों को कृषि उत्पादों के निर्यात पर मिलेगी बंपर सरकारी सब्सिडी, यूपी में जागरूकता अभियान शुरू
उत्तर प्रदेश कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार निदेशालय ने किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान शुरू ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कृषि उत्पादों के निर्यात पर मिलेगी सरकारी सब्सिडी।
परिवहन भाड़े पर 5% या 20 लाख तक अनुदान।
पैक हाउस और एगमार्क प्रमाणन पर प्रोत्साहन।
जागरण संवाददाता, औरैया। किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार निदेशालय उत्तर प्रदेश ने जागरूकता अभियान शुरू किया है।
शुक्रवार को कृषि विपणन निरीक्षक दिबियापुर-अछल्दा ब्रजमोहन ने पूर्व कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत, विधायक प्रतिनिधि अजय पोरवाल, सभासद कृष्ण कुमार कश्यप, राजीव शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को पत्रक वितरित कर किसानों को जागरूक करने में सहयोग की अपील की।
कृषि विपणन निरीक्षक ने बताया कि विभाग का उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना और युवाओं को खेती की ओर आकर्षित करना है। इसके तहत कृषि उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कृषि उत्पाद निर्यातकों को एक वित्तीय वर्ष में परिवहन भाड़े पर पांच प्रतिशत या अधिकतम 20 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाता है।
इसके अलावा पैक हाउस स्थापित करने तथा डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों के निर्यात पर भी प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि पिसे मसाले, शहद, आटा, मक्खन, खाद्य तेल, बेसन सहित अन्य उत्पादों की पैकेजिंग के लिए एगमार्क प्रमाणन कराने हेतु उद्यमी और उत्पादक विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
किसानों से अपील की गई कि योजना की विस्तृत जानकारी के लिए औरैया मंडी स्थित ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक कार्यालय से संपर्क करें।