राम मंदिर के चढ़ावे से 2 क्विंटल चांदी की 200 ईंटें गायब, सिंधी समाज ने ट्रस्ट पर लगाया रसीद न देने का आरोप
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच के बीच अब सिंधी समाज द्वारा दान की गई 200 चांदी की ईंटें लापता होने का आरोप लगा है। ...और पढ़ें

अयोध्या राम मंदिर। जागरण
HighLights
सिंधी समाज ने राम मंदिर को 200 चांदी की ईंटें दान की थीं।
विश्व सिंधी सेवा संगम अध्यक्ष ने लापता होने का आरोप लगाया।
2021 में दान की गई ईंटों की कोई रसीद नहीं मिली।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले की एसआईटी जांच के बीच ही रामलला को दान में दिए गए आभूषणों के भी लापता होने के नित-नए मामले सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में अब विश्व सिंधी सेवा संगम के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष राजू मनवानी ने भी मीडिया में सामने आकर दान में दी गईं चांदी की 200 ईंटों के लापता होने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि सिंधी समाज की ओर से श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय को कारसेवकपुरम में चांदी की ईंटें सौंपी गई थीं। उस समय उसकी न कोई रसीद दी गई, न ही उसकी उपयोगिता के संबंध में कोई स्पष्ट प्रमाण दिया गया।
#WATCH | Leh, Ladakh | On alleged Ayodhya Ram Mandir donations embezzlement case, Dr. Raju V Manwani, Chairman & Managing Director, Castles Group Of Companies says, "On behalf of the entire Sindhi community, 200 silver bricks made each weighing one kilogram and were handed over… pic.twitter.com/xfUFZeFGtV
— ANI (@ANI) June 24, 2026
पूरे देश के सिंधी समाज ने दिया था अपना योगदान
मुंबई के रहने वाले राजू मनवानी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट से निर्णय आने के बाद मंदिर निर्माण में प्रयोग करने के लिए सिंधी समाज ने ट्रस्ट को चांदी की ईंटें दी थीं। इसमें लगभग 12 देशों सहित पूरे देश के सिंधी समाज ने अपना योगदान दिया था।
समाज के करीब डेढ़ सौ प्रतिनिधियों ने 26 जनवरी 2021 को अयोध्या पहुंच कर ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय को कारसेवकपुरम में 200 ईंटें सौंपी थीं। चांदी की प्रत्येक ईंट का वजन लगभग एक-एक किलोग्राम रहा। इसके बाद उन्हें न तो कोई रसीद दी गई, न ही उसके उपयाेग के बारे में कोई साक्ष्य दिया गया। अब जबकि चढ़ावा में चोरी का प्रकरण उजागर हुआ तो उन्हें संदेह है कि सिंधी समाज की चांदी की ईंटें भी गायब कर दी गई हैं।